जेडीयू की बैठक खत्म, 4 दिन में होगा तेजस्वी यादव पर फैसला
नई दिल्ली। आज यानी मंगलवार को बिहार में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बात करने के लिए जेडीयू की बैठक हुई। जेडीयू की ये बैठक खत्म हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो पार्टी ने फैसला किया है कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को अभी और समय दिया जाएगा। जेडीयू नेता रमई राम ने कहा है कि तेजस्वी यादव को लेकर आने वाले चार दिनों में फैसला लिया जाएगा। इससे एक दिन पहले ही भाजपा की तरफ से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक खास ऑफर दे दिया गया। इस ऑफर के तहत बिहार बीजेपी के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि अगर नीतीश कुमार महागठबंधन से अलग होते हैं, तो वह नीतीश कुमार को पार्टी के बाहर से ही समर्थन दे देंगे।

भाजपा नेता ने एक न्यूज चैनल को नई दिल्ली में भाजपा की तरफ से नीतीश कुमार को दिए जाने वाले इस ऑफर के बारे में बताया। उसके बाद वह बोले- मेरा मतलब था, सबसे पहले नीतीश कुमार को महागठबंध से अलग होने का फैसला लेने दीजिए। हमारा केन्द्रीय नेतृत्व उनके इस फैसले पर तुरंत ही एक अहम कदम उठाएगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रहा गठबंधन काफी मुसीबत भरे दौर से गुजर रहा है और राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते भाजपा इस पर अपनी नजर बनाए हुए है। भाजपा की तरफ से नीतीश कुमार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का इस्तीफा लें। तेजस्वी यादव पर सीबीआई ने भ्रष्टाचार के चार्ज लगाए हैं। भाजपा की मांग है कि तेजस्वी यादव, उनके पिता लालू प्रसाद यादव और माता राबड़ी देवी का भी इस्तीफा लिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications