Jaya Kishori News: जया किशोरी कब करेंगी शादी? मशहूर कथावाचक ने दिया ये जवाब
Jaya Kishori: मशहूर कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी एक बार फिर से अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल अक्सर लोग सोशल मीडिया पर उनसे ये प्रश्न करते हैं कि- आप शादी कब कर रही हैं? इस बारे में जया किशोरी ने खुलकर एक पॉडकास्ट में बात की है।
उन्होंने कहा कि 'जब मैं स्कूल में थी तो सोचा करती थी कि 21-22 साल की उम्र में मैं शादी कर लूंगी। लेकिन वो स्कूल टाइम था फिर उम्र निकल गई, अब मैं कभी शादी के बारे में नहीं सोचती हूं, अगर लिखी होगी तो हो जाएगी और अगर नहीं भी होगी तो कोई बात नहीं, मैं दोनों ही सूरत में खुश हूं।'

उन्होंने हंसते हुए कहा कि 'अब तो मेरे दोस्त मुझसे कहते हैं कि लगता है कि तेरी शादी में अपने बच्चों के साथ आना होगा, खैर ऊपरववाले ने जो मेरे लिए लिखा होगा, वो अच्छा ही होगा और सबसे बड़ी बात ये कि मैं अपने काम से प्रसन्न और संतुष्ट हूं।'
युवागण भी सुनते हैं जया किशोरी की कथा
आपको बता दें कि जया किशोरी ने अपनी अद्वितीय शैली और गहन विचारों से लाखों लोगों का दिल जीता है, वो सोशल मीडिया पर भी बहुत ज्यादा चर्चित हैं। लोग उन्हें 'किशोरी जी' और 'कथा सम्राज्ञी' जैसे नामों से पुकारा करते हैं। सबसे खास बात ये है कि उनकी कथा सुनने वालों में आज के युवा बहुत ज्यादा हैं। वो सोशल मीडिया की टॉप कथावाचकों में से एक हैं।
9 वर्ष की उम्र से कर रही हैं कथा वाचन
13 जुलाई 1995 को राजस्थान के सुजानगढ़ में एक ब्राह्मण परिवार में जन्मी जया किशोरी का असली नाम जया शर्मा है। उनका परिवार धार्मिक प्रवृत्ति का था, जिसने बचपन से ही उनके भीतर आध्यात्मिकता के बीज बो दिए। जया ने अपनी स्कूली शिक्षा कोलकाता के महादेवी बिड़ला वर्ल्ड एकेडमी से पूरी की। मात्र 9 वर्ष की उम्र से वो कथा का वाचन कर रही हैं, आपको जानकर अचरज होगा कि उन्होंने 9 साल की अवस्था में सुंदरकांड का पाठ किया था और ये ही उनकी पहली सार्वजनिक प्रस्तुति थी।
अपनी अलग शैली के लिए लोकप्रिय हैं जया किशोरी
जया किशोरी ने स्वामी रामसुखदास जी और स्वामी हरिदास जी जैसे महान संतों की शिक्षाओं को आत्मसात किया है। उनका शैली में एक अनोखापन है, उनकी बातें लोगों के दिल-दिमाग पर सीधा असर डालती हैं। वो श्रीमद्भागवत कथा, नानी बाई का मायरा, और अन्य कथाओं के माध्यम से भक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश देती हैं।
जया किशोरी के भजन भी कर्णप्रिय हैं
उनके भजन और प्रवचन सोशल मीडिया और यूट्यूब पर बहुत ज्यादा लोकप्रिय हैं तो वहीं वो अपनी सुंदरता और मधुर स्वभाव के लिए बहुत ज्यादा चर्चित रहती हैं। वो बहुत अच्छी गायिका भी हैं और उनके भजन भी कर्णप्रिय हैं।
आधुनिकता और पारंपरिकता दोनों का समावेश
जया किशोरी आध्यात्मिकता के साथ-साथ समाज सेवा में भी सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी कथा आयोजनों से प्राप्त धनराशि का एक बड़ा हिस्सा जरूरतमंदों की मदद और शिक्षा के लिए समर्पित किया है। उनके कथन और प्रस्तुति में आधुनिकता और पारंपरिकता दोनों का समावेश है और यही वजह है कि उनकी कथा बच्चे से लेकर बूढ़े तक सुनते हैं।












Click it and Unblock the Notifications