जम्मू कश्मीर: बांदीपुरा में सेना ने मार गिराए तीन आतंकी, जख्मी जवान इलाज के दौरान शहीद
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में तीन आतंकी मार गिराए गए हैं। इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ था जो अब शहीद हो गया है। जवान का नाम शिवकुमार है और वो राइफलमैन के तौर पर तैनात थे। आपको बता दें कि श्रीनगर के रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया, उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के डन्ना में एक अभियान में तीन आतंकवादी मारे गये हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गयी है। प्रवक्ता ने बताया कि यह अभियान समाप्त हो गया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि कुछ आतंकी इलाके में छिप कर बैठे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने छापेमारी शुरू की। उन्होंने पूरे इलाके को घेर लिया।
इस कार्रवाई को देखते हुए आतंकियों ने अचानक ही सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। आखिरकार सुरक्षाबलों ने तीनों आतंकियों को मार गिराया। इसके बाद आतंकियों की ओर से गोलीबारी बंद होने के बाद जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications