जाट आंदोलन तेज, इंटरनेट बंद, अब ट्रेनें होंगी कैंसल
रोहतक। जाट आंदोलन की आग एक बार फिर भड़क उठी है। सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी कैटेगरी के अंतर्गत आरक्षण की मांग को लेकर यह प्रदर्शन तीन दिन पहले हिसार के रेलवे ट्रैक से शुरू हुआ, जब जाट समुदाय के कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर बोरिया बिस्तर बिछाकर लेट गये।
आरक्षण की चिंगारी को देख ट्रेनों ने अपने रूट बदल दिये। लेकिन चिंगारी सुलगती रही और गुरुवार को प्रदर्शन तेज हो गया। आज शुक्रवार है। रोहतक की इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। वहां न व्हॉट्सऐप काम कर रहा है न स्काइप और न ही एसएमएस सेवाएं व फेसबुक मैसेंजर। इन बंदिशों के बीच साफ है कि अगले दो से तीन दिन में बड़ा बवंडर हो सकता है।
इस बवंडर में सड़कें जाम होने की पूरी संभावना है। दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान की ओर जाने वाली ट्रेनें लेट ही नहीं रद्द भी हो सकती हैं। लिहाजा यदि आप हिसार, रोहतक, सिरसा, आदि के रूट पर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो रूट बदल दें।
क्यों बंद हुआ इंटरनेट
असल में गुजरात में पटेल आंदोलन की आग इंटरनेट पर भेजे गये बल्क मैसेजेस की वजह से तेज हुई थी। उसी से सीख लेते हुए रोहतक पुलिस प्रशासन ने यह कदम उठाया है। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिये सर्वदलीय बैठक बुलायी है।
धारा 144 लागू
जाट आंदोलन का असर कहां से कहां तक-
- हरियाणा के कई जिलों का जनजीवन अस्त-वस्त हो गया है।
- सरकार को जो डेडलाइन दी गई थी, वो निकल चुकी है, आंदोलन तेज होने जा रहा है।
- रोहतक-झज्जर क्षेत्र में रेल सेवाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं।
- भिवानी, सोनीपत और हिसार में सड़क जाम, रेल रोको, आदि जारी है।
- पानीपत से यूपी की ओर जाने वाले हाईवे को जाम कर दिया है।
- रोहतक, झज्जर, सिरसा, हिसार और पानीपत में धारा 144 लागू कर दी गई है।
- रोहतक-दिल्ली के बीच की कई ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं।
- बहादुरगढ़-दिल्ली के रूट पर बसों का रूट बदले जाने से जगह-जगह जाम लग रहे हैं।
- सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर पिपली, लडवा और राडौर में कई जगह शुक्रवार को भी प्रदर्शन हो सकते हैं।
- मेन रोड ब्लॉक होने की वजह से लोग भिवानी जाने के लिये कच्चे रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
- चकरी-दादरी में शुक्रवार को प्रदर्शन हो सकता है। स्कूल बंद कर दिये गये हैं।
- महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं आगे बढ़ा दी हैं।
- कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में जाट समुदाय के छात्र प्रदर्शन करने लगे, जिस वजह से कार्य बाधित हो रहा है।
विधानसभा में होगा हंगामा
विपक्षी नेता अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार से विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। उन्होंने कहा कि जाट समुदाय के लोगों को आरक्षण केवल चार राज्यों में नहीं पूरे देश में मिलना चाहिये। चौटाला के बयान से साफ है कि विधानसभा सत्र शांत नहीं रहने वाला।












Click it and Unblock the Notifications