जम्मू-कश्मीर: कठुआ थाने पर आतंकी हमला, 2 जवान सहित 6 की मौत, मुठभेड़ जारी
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के कठुआ जिले में एक पुलिस स्टेशन पर फिदायीन हमला हुआ। शुक्रवार की सुबह सेना की वर्दी में आए आतंकवादियों ने थाने पर हथगोला फेंक दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मीयों सहित 6 लोगों के मारे जाने की खबर है। आठ लोग जख्मी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक आंतकी के ढेर होने की खबर भी आ रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेना की वर्दी में आए तीन से चार आतंकवादियों ने शुक्रवार सुबह कठुआ जिले में राजबाग पुलिस स्टेशन पर हमला बोल दिया। ऑटोमेटिक हथियारों से लैस आतंकवादियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरु कर दी। अचानक हुए इस हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गये। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की सहायता के लिए सैन्य बलों, अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस के अतिरिक्त बल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक आतंकवादी पुलिस स्टेशन में घुस गये हैं और कुछ पुलिसकर्मियों को बंधक भी बना लिया है। चुकि यह पुलिस स्टेशन जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जम्मू से करीब 65 किलोमीटर दूर है इसलिए राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications