Jammu Kashmir: हंदवाड़ा में खून जमा देने वाला एनकाउंटर, आतंकियों को मात दे सुरक्षित लौटे ऑफिसर्स
हंदवाड़ा। जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में शनिवार को कई घंटों तक एनकाउंटर चला और यह एनकाउंटर ब्लड प्रेशर बढ़ाने वाला था। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक एनकाउंटर हंदवाड़ा के छानमुल्ला इलाके में चल रहा था। चार घंटे बाद अचानक यह खबर आई कि आतंकियों ने कुछ ऑफिसर्स को बंधक बना लिया है। कुछ मिनटों पहले यह खबर आई कि आतंकियों ने सीओ रैंक के ऑफिसर, मेजर और जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के ऑफिसर की हत्या कर दी है। हालांकि सूत्रों ने बाद में जानकारी दी कि आफिसर्स सुरक्षित निकल आए हैं और उनसे संपर्क दोबारा स्थापित हो सका है।

घर में छिपे थे चार आतंकी
हंदवाड़ा के राजपोरा जंगल के आतंकियों के छिपे होने की जानकारी सेना को मिली थी। सेना की 15 और 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की टीम के साथ सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की एक टीम को भेजा गया था। हंदवाड़ा, नॉर्थ कश्मीर के कुपवाड़ा में आता है। शाम करीब 3:45 मिनट पर एनकाउंटर शुरू हुआ और पैरा कमांडोज ने जम्मू कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ के साथ मोर्चा संभाला। आतंकी शुक्रवार की दोपहर राजवार जंगल से आकर छानजीमुल्ला इलाके के एक घर में छिप गए थे। आतंकियों ने सर्च टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की।

आतंकियों ने छीना सीओ का फोन
सुरक्षाबलों ने आतंकियों को जवाब दिया और उनके प्रयासों को विफल कर दिया। कई घंटों तक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। सूत्रों की मानें तो सेना और पुलिस की एक ज्वॉइन्ट टीम जिसमें दो सीनियर आर्मी ऑफिसर्स थे, वे घर की तरफ बढ़ें। इसके बाद दोनों ऑफिसर्स का संपर्क अपनी टीम से टूट गया। 21 आरआर के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) और उनके साथ एक मेजर रैंक के ऑफिसर के अलावा एसआई काजी घर में फंस गए और ये उसी कमरे में थे जहां पर आतंकी छिपे थे। तीन घंटों तक इन ऑफिसर्स के साथ संपर्क टूटा रहा। बताया जा रहा है कि सीओ का फोन आतंकियों ने अपने कब्जे में ले लिया था।

पुलवामा में भी ढेर दो आतंकी
घर के बाहर एक शव मिला और अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह किसका है। सेना की तरफ से अतिरिक्त बल भेजा गया और फिर फायरिंग शुरू हुई। इस बीच सभी ऑफिसर्स के सुरक्षित बाहर निकलने की खबरें आईं। इस एनकाउंटर ने कई घंटों तक सेना के वरिष्ठ ऑफिसर्स को तनाव में रखा था। शनिवार को ही जम्मू कश्मीर के पुलवामा में एक एनकाउंटर हुआ और इसमें दो अज्ञात आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।

एलओसी पर जारी हैं पाक की हरकतें
लॉकडाउन के दौरान घाटी में काउंटर टेरर ऑपरेशंस में खासी तेजी आई है। अप्रैल में पाकिस्तान की तरफ से आए आतंकियों को सुरक्षाबलों की तरफ से ढेर करने के आंकड़े में तेजी आई है। 17 अप्रैल को सेना प्रमुख जनरल नरवाणे ने कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर लगातार पाकिस्तान की तरफ से हो रही गोलीबारी के लिए पड़ोसी देश की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से लड़ रही है मगर पड़ोसी देश मुश्किलें बढ़ाने से बाज नहीं आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications