जम्मू कश्मीर-'जिहाद के लिए पुलिस में आया था, लेकिन कश्मीरियों की हालत देख अब मैं दे रहा हूं इस्तीफा'
जम्मू-कश्मीर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें घाटी के हालात को देखते हुए जम्मू कश्मीर पुलिस डिपार्टमेंट में काम कर रहे एक कांस्टेबल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस वीडियो की जांच की बात कही है। वीडियो में रईस नाम का यह शख्स कहा रहा है कि मैंने पुलिस डिपार्टमेंट (जम्मू कश्मीर) से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि एक पुलिस के रूप में मेरा जमीर नहीं मानता कि मैं कश्मीर के खून-खराबे को देखूं। रईस ने कहा कि पिछले सात साल से वो जम्मू कश्मीर पुलिस डिपार्टमेंट से जुड़ा है, लेकिन अब वो और नहीं रह सकता।

रईस ने वीडियो में कहा, 'जब मैंने पुलिस ज्वॉइन किया तो मुझे लगा मैं कश्मीरी नागरिकों की सेवा करूंगा और मेरे परिवार की जिम्मेदारी निभाउंगा। मुझे लगा कि पुलिस डिपार्टमेंट में आकर मैं जिहाद करूंगा। जिहाद का मतलब होता है, अपने अंदर की गैरजरूरी ख्वाहिशों के खिलाफ लड़ना और इंसान के हक में लड़ना। लेकिन वादी कश्मीर में हालात खराब हो चुके हैं। यहां एक तूफान बरपा है, जहां हर रोज कश्मीरी मर रहे हैं, कई जेलों में सड़ रहे हैं, कई अंधे हो चुके हैं और कई लोगों को नजरबंद कर दिया गया है। यह सारा मसला कश्मीरी हक को लेकर खड़ा हुआ है'। अपने वीडियो में रईस कश्मीर के इतिहास के बारे में भी जिक्र कर रहे हैं।
रईस ने अपने वीडियो में आगे कहा, इस मसले से कैसे निपटा जाए यह मेरे हाथ में नहीं है लेकिन मेरा जमीर नहीं मानता कि एक पुलिस के रूप में घाटी में हो रहे खून-खराबे को मैं देखूं। इसलिए मैं इस वीडियो के माध्यम से बताना चाहता हूं कि मैंने पुलिस डिपार्टमेंट से इस्तीफा दे दिया है।
रईस ने आगे कहा, 'जहां तक मेरे जिहाद का सवाल है तो मैं कहना चाहूंगा कि मेरे परिवार की जरूरतों के लिए मैं लड़ता रहूंगा। मैं एक गरीब परिवार से हूं और मेरे पिता एक मजदूर हैं। मैं अपने परिवार की देखभाल के लिए कड़ी मेहनत करूंगा'।












Click it and Unblock the Notifications