जम्मू कश्मीर: 24 घंटे के अंदर अनंतनाग में दूसरा एनकाउंटर, एक जवान शहीद, दो आतंकी ढेर
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में 24 घंटे के अंदर दूसरा एनकाउंटर जारी है। अभी तक जो जानकारी आई है उसमें बताया जा रहा है कि एक जवान इस एनकाउंटर में शहीद हो गया है। वहीं दो आतंकियों को भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एक आतंकी को सुरक्षाबलों ने घेरा हुआ है और वह यहां पर एक बिल्डिंग में छिपा हुआ है। कहा जा रहा है कि सभी आतंकी पाकिस्तान स्थित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं।

पुलवामा आतंकी हमले के बाद एनकाउंटर
सोमवार को भी अनंतनाग में ही एक एनकाउंटर हुआ था और इसमें मेजर केतन शर्मा शहीद हो गए थे और मेजर राहुल समेत तीन जवान घायल हैं। घायलों का इलाज श्रीनगर स्थित 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल में जारी है। अनंतनाग में एनकाउंटर पुलवामा आतंकी हमले के बाद हो रहा है। इस हमले आतंकियों ने सेना के काफिले को आईईडी ब्लास्ट से निशाना बनाया था। हमले में छह जवान घायल हैं जिसमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हमले में तीन नागरिक भी घायल हैं। पुलवामा में सेना के काफिले को उसी जगह पर निशाना बनाया गया था, जहां पर फरवरी माह में सीआरपीएफ काफिले पर हमला हुआ था। 14 फरवरी को हुए उस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications