झारखंड में जेडीयू को तगड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने थामा कांग्रेस का 'हाथ'
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 पहले कांग्रेस ने नीतीश कुमार को शनिवार को बड़ा झटका दिया है। जेडीयू के झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने शनिवार शाम कांग्रेस का हाथ थाम लिया। जलेश्वर महतो ने आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में मुलाकात की। इसके साथ वे औपचारिक रुप से कांग्रेस में शामिल हो गए। महतो के पार्टी में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने राहुल गांधी के साथ उनकी फोटो जारी की है।

कांग्रेस नेता निर्मल सिंह ने जलेश्वर महतो को कांग्रेस में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाई
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता निर्मल सिंह ने जलेश्वर महतो को कांग्रेस में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाई है। जिसके बाद शनिवार को राहुल गांधी ने जलेश्वर महतो को कांग्रेस में शामिल कराया। इस दौरान राहुल गांधी और जलेश्वर महतो के साथ कांग्रेस नेता निर्मल सिंह, राजेश ठाकुर, आरपीएन सिंह मौजूद रहे। बता दें वे झारखंड़ सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

इसलिए महतो ने छोड़ा जेडीयू का साथ
नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले जलेश्वर महतो झारखंड में एक साफ छवि के नेता माने जाते हैं। जलेश्वर 2000 से 2009 बाघमारा विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू के विधायक रहे हैं। 2009 में उन्हें भाजपा विधायक ढुलू महतो शिकस्त दी थी। अब माना जा रहा है कि, कांग्रेस उन्हें बाघमारा से विधानसभा चुनाव लड़ाएगी। दरअसल भाजपा और जदयू में गठबंधन के बाद भाजपा इस सीट को छोड़ना नहीं चाहती थी।

ढुलू ने बाघमारा में माफियाराज कायम कर रखा है
पार्टी की ओर से इस सीट पर टिकट ना मिलने के चलते वे नीतीश कुमार से नाराज चल रहे थे। जिसके बाद उन्हें कांग्रेस का दामन थामना ठीक समझा। कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर जलेश्वर ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में ढुलू ने बाघमारा में माफियाराज कायम कर रखा है। इसके खात्मा के लिए वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं। बता दें कि, जलेश्वर महतो ने मौजूदा बीजेपी विधायक ढुलू महतो के खिलाफ जबरदस्त आंदोलन छेड़ रखा है। वह लगातार उन्हें घेर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications