Nehru Memorial का नाम बदलने पर जयराम रमेश ने लगाए आरोप, रविशंकर प्रसाद ने कहा- सोच में है बुनियादी अंतर
Nehru Memorial: नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी (NMML) का नाम अब अधिकारिक तौर पर बदलकर पीएम म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कर दिया गया है। नेहरू मेमोरियल का नाम बदलने पर अब कांग्रेस पार्टी की तरफ से रिएक्शन सामने आया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नेहरू मेरोरियल का नाम बदलने पर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार 16 अगस्त को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'आज से एक प्रतिष्ठित संस्थान को नया नाम मिला। विश्व प्रसिद्ध नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय (एनएमएमएल), अब प्रधानमंत्री स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) बन गया है।'

पीएम मोदी के पास भय, जटिलताओं और असुरक्षाओं का एक बड़ा पिटारा है। खासकर जब बात हमारे पहले और सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री की आती है। उनका एकमात्र एजेंडा नेहरू और नेहरूवादी विरासत को नकारना, विकृत करना, बदनाम करना और नष्ट करना है।
उन्होंने आगे लिखा कि वह N को मिटाकर उसकी जगह P शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। लगातार हमले के बावजूद, जवाहरलाल नेहरू की विरासत दुनिया के सामने जीवित रहेगी और वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इतना ही नहीं, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी बीजेपी पर हमला बोला।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते उन्होंने कहा, 'यह और कुछ नहीं बल्कि कुंठित मानसिकता है। पं. जवाहरलाल नेहरू पहले प्रधानमंत्री थे। उनके नाम पर एक संस्था का नाम रखा गया और उनके कार्यकाल को प्रतिबिंबित करने के लिए एक संग्रहालय बनाया गया था।'
कहा कि यदि आपको (केंद्र) अन्य प्रधानमंत्रियों पर एक संस्था बनानी थी, तो आप ऐसा कर सकते थे। लेकिन अगर आप किसी चीज को दबाते हैं या हटाते हैं तो इसका मतलब है कि आपका मकसद कभी प्रदर्शन नहीं बल्कि भारत के स्वर्णिम इतिहास को दबाने का प्रयास था।
इतना ही नहीं, उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने कहा कि उनके पास और क्या बचा है? आप इमारत का नाम बदल सकते हैं लेकिन आप इतिहास में वर्णित पंडित नेहरू का नाम नहीं बदल सकते। आप महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सावरकर जी द्वारा बनाए गए इतिहास को नहीं बदल सकते। आप उनके जैसा इतिहास नहीं बना सकते इसलिए आप नाम बदल रहे हैं।
रविशंकर प्रसाद ने कही ये बात
नेहरू मेमोरियल का नाम बदले जाने के बाद कांग्रेस ने लगातार पीएम मोदी को घेरने की कोशिश कर रहे है। इस बीच बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और जयराम रमेश व पीएम नरेंद्र मोदी की सोच में बुनियादी अंतर है। वे (कांग्रेस) सोचते हैं कि केवल नेहरू जी और परिवार ही मायने रखते हैं।
नरेंद्र मोदी ने देश के सभी प्रधानमंत्रियों को म्यूजियम में सम्मानजनक स्थान दिया...लाल बहादुर शास्त्री को वहां क्यों नहीं मिली जगह? वहां न तो इंदिरा गांधी थीं, न राजीव गांधी, न मोरारजी देसाई, न चौधरी चरण सिंह, न अटल बिहारी वाजपेई, न आईके गुजराल, न एचडी देवेगौड़ा... जब सभी प्रधानमंत्रियों को जगह मिल रही है, तो यह प्रधानमंत्री स्मृति पुस्तकालय बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications