J&K:सत्यपाल मलिक ने 88911 करोड़ के बजट को दी मंजूरी, कई बड़े ऐलान
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अगुवाई वाली राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) ने शनिवार को प्रदेश के वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 88911 करोड़ के बजट को मंजूरी दे दी। इसकी जानकारी देते हुए जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि, 'हमारा कुल बजट 89, 000 करोड़ रुपए है। घाटा नियंत्रण में है। बेकार खर्चों को रोक दिया गया है। सबसे ज्यादा खर्च विकास में है जो लगभग 10,000 करोड़ रुपए है। हम पर्यटन विभाग को 130 करोड़ रुपए दे रहे हैं जो पीएम के विकास पैकेज से 2000 करोड़ रुपए के अलावा है।

मलिक ने कहा कि, स्वास्थ्य में, हम उपकरण के लिए 100 करोड़ रुपये और भवन के लिए 350 करोड़ रुपये दे रहे हैं। बिजली में संतुलन के काम के लिए 300 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत को अपने क्षेत्र और आबादी के आधार पर जमीनी स्तर पर विकास गतिविधियों को बदलने के लिए 20 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक धन मिलेगा। पंचायती राज संस्थानों के लिए लेखा सहायकों के 2000 पदों का सृजन करने का प्रस्ताव है ताकि वे व्यय और खाता रखने में मदद कर सकें।
राज्यपाल ने कहा कि, इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती पर भी काम किया जाएगा। अगले 15 महीनों के दौरान 2573 करोड़ रुपये पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों को 1030 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतें व्यक्तिगत रुप से सुनने और हल करने का निर्देश दिया गया है।
मलिक ने कहा, राज्यपाल के प्रोटोकोल का परवाह किये बगैर मैं राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था प्रदान करने और तरक्की के लिए पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती की मदद मांगने के लिए व्यक्तिगत रुप से उनसे मिलने उनके निवास पर गया।












Click it and Unblock the Notifications