कांपी चांद की धरती! चंद्रमा पर आए प्राकृतिक भूकंप को किया रिकॉर्ड, ISRO ने जारी किया अपडेट
ISRO Chandrayaan-3 Mission Update: 23 अगस्त को चांद के साउथ पोल पर चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की सफल सॉफ्ट लैंडिंग के बाद से ही इसरो चंद्रमा को लेकर नए-नए अपडेट्स दे रहा है। हाल ही में इसरो ने बताया कि चांद पर ऑक्सीजन, सल्फर समेत कई तत्व खोजे गए हैं।
वहीं अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रमा पर आए प्राकृतिक भूकंप को रिकॉर्ड किया गया है।

भारत 'चंद्रयान 3' के जरिए चांद पर कई महत्वपूर्ण खोज में जुटा हुआ है। रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर लगातार जांच कर रहा है। इस बीच इसरो ने बताया कि रोवर और अन्य पेलोड की गतिविधियों के अलावा भी चांद की सतह से कुछ और भी रिकॉर्ड किया गया है।
इसरो ने बताया कि चांद पर आए प्राकृतिक भूकंप को रिकॉर्ड किया गया है, जिसे चंद्र भूकंपीय गतिविधि (आईएलएसए) पेलोड ने दर्ज किया है। इसरो ने बताया कि लैंडर विक्रम ने चंद्रमा पर भूकंपन की घटना के बारे में पता लगाया है।
इसरो ने एक्स (ट्वीट) पर पोस्ट करते हुए लिखा- "इन-सीटू वैज्ञानिक प्रयोग के दौरान चंद्रयान-3 लैंडर पर लगे चंद्र भूकंपीय गतिविधि पेलोड उपकरण (ILSA) ने रोवर और अन्य पेलोड की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया है। यह चंद्रमा पर पहला माइक्रो इलेक्ट्रो मैकेनिकल सिस्टम (एमईएमएस) टेक्नोलॉजी-बेस्ड उपकरण है।
प्राकृतिक घटना का कंपन रिकॉर्ड
इसरो ने आगे बताया कि इसने 26 अगस्त, 2023 को एक प्राकृतिक प्रतीत होने वाली घटना को रिकॉर्ड किया है। इस घटना के स्रोत की जांच की जा रही है। ILSA पेलोड को LEOS, बैंगलोर द्वारा डिजाइन और कार्यान्वित किया गया है। तैनाती तंत्र यूआरएससी, बेंगलुरु द्वारा विकसित किया गया है।
7 दिन में खत्म हो जाएगा मिशन
आपको बता दें कि 23 अगस्त को सफल लैंडिंग के बाद चंद्रमा पर भारत का मिशन अगले साल दिनों में खत्म होने जा रहा है। पहले इस मिशन को 14 दिन तक चलना था, लेकिन लूनर लाइट की वजह से यह मिशन अगले 7 दिनो में खत्म हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications