ISRO Chandrayaan 3: मून मिशन की तैयारियों को परखने के लिए लॉन्च रिहर्सल, अब 14 जुलाई पर नजरें
ISRO Chandrayaan 3: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को चंद्रयान-3 के लिए 'लॉन्च रिहर्सल' पूरा कर लिया। अब नजरें 14 जुलाई पर हैं। चंद्रयान आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा।
इसरो ने ट्वीट किया, "चंद्रयान-3 मिशन: संपूर्ण प्रक्षेपण तैयारी और 24 घंटे तक चलने वाली प्रक्रिया का अनुकरण करने वाला 'लॉन्च रिहर्सल' पूरा हुआ।" इसरो ने 5 जुलाई को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में लॉन्च वाहन - एलवीएम 3 के साथ चंद्रयान -3 को एकीकृत किया था।

इसरो ने मंगलवार को ट्वीट किया, "आज, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में, चंद्रयान-3 वाली इनकैप्सुलेटेड असेंबली को LVM3 के साथ जोड़ा गया।" अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने पिछले महीने बताया था कि वे 13-19 जुलाई के बीच तीसरे मून मिशन लॉन्च की योजना बना रहे हैं।"
सोमनाथ ने कहा था, "हम चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में सक्षम होंगे। लॉन्च का दिन 13 जुलाई है, यह 19 जुलाई तक जा सकता है।" इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में इसरो अध्यक्ष ने कहा था कि जून 2023 में चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च हो सकता है।
चंद्रयान-2 के अंतिम समय में विफल होने के बाद इसरो ने चंद्रयान-3 की घोषणा की थी। इस मिशन के तहत चांद की सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और घूमने की संपूर्ण क्षमता का प्रदर्शन होगा।
बता दें चंद्रमा पर भारत का दूसरा मिशन चंद्रयान-2, 22 जुलाई, 2019 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था। लेकिन 6 सितंबर की सुबह विक्रम चंद्र लैंडर के चंद्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मिशन विफल हो गया था।
Download











Click it and Unblock the Notifications