इजराइल पर हमले के एक दिन बाद आई कांग्रेस की प्रतिक्रिया, आतंकी संगठन हमास का नाम लिए बगैर क्या कहा? जानिए
Israel News Today: कांग्रेस पार्टी ने इजराइल पर मुस्लिम आतंकवादी संगठन हमास के हमले के दूसरे दिन प्रतिक्रिया जारी करते हुए इसकी निंदा की है। कांग्रेस की ओर से यह प्रतिक्रिया बीजेपी की ओर से 'नेवर फॉरगिव, नेवर फॉरगेट' वाले वीडियो जारी होने के बाद आई है।
दरअसल, शनिवार को इजराइल पर फिलिस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास के हमले के बाद बीजेपी ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि भारत को भी 2004 से लेकर 2014 के बीच ऐसे ही दौर से गुजरना पड़ा था। पार्टी ने आरोप लगाया है कि जो इजराइल आज भुगत रहा है, भारत 10 वर्षों तक भुगत चुका है। पार्टी ने इसका शीर्षक रखा है, 'कभी माफ नहीं करेंगे, कभी नहीं भूलेंगे।'

बिना हमास का नाम लिए इजराइल पर हमले की निंदा
अब कांग्रेस पार्टी के संचार मामलों के प्रभारी महासचिव और सांसद जयराम रमेश ने एक्स (ट्विटर) के जरिए इस मुद्दे पर पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की है। इसमें उन्होंने इजराइल के बेगुनाह नागरिकों पर हुए बर्बर हमले की निंदा तो की है, लेकिन आतंकवादी संगठन हमास का नाम लेने से परहेज किया है।
'कांग्रेस इजराइल के लोगों पर हुए बर्बर हमलों की निंदा करती है'
उन्होंने एक्स पर जो पोस्ट लिखा है, उसके मुताबिक, 'कांग्रेस इजराइल के लोगों पर हुए बर्बर हमलों की निंदा करती है। कांग्रेस का हमेशा मानना रहा है कि आत्म-सम्मान, समानता और गरिमा के जीवन के लिए फिलिस्तीनी लोगों की न्यायसंगत आकांक्षाओं को इजराइल के वैध राष्ट्रीय सुरक्षा हितों को सुनिश्चित करते हुए सिर्फ बातचीत की प्रक्रिया के जरिए पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा है, 'किसी भी तरह की हिंसा कभी भी कोई समाधान नहीं देती और इसे रोकना ही चाहिए।'
भारत इजराइल के साथ खड़ा है- पीएम मोदी
गौरतलब है कि भारत ने आधिकारिक तौर पर न सिर्फ इजराइल पर हुए हमले की निंदा की है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत इजराइल के साथ खड़ा है। इसके बाद बीजेपी ने एक वीडियो जारी करके हमास के हमले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था। इस वीडियो में मुंबई हमले समेत देश में उन आतंकी घटनाओं का हवाला दिया गया था, जो देश में कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के दौरान घटी थीं।
बीजेपी ने वीडियो के माध्यम से कांग्रेस पर साधा था निशाना
इसमें पीएम मोदी को कहते हुए दिखाया गया है, "आतंकवादियों के अड्डे में घुसकर मारेंगे, ये नए भारत की नीति है।" इसी वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कहते हुए सुनाया गया है कि 'प्रत्येक आतंकी हमलों को रोक पाना बहुत ही मुश्किल है।'
गौरतलब है कि शनिवार को हमास के आतंकवादियों ने इजराइल पर जमीन, जल और वायु तीनों रास्तों से अचानक भयानक हमला शुरू कर दिया था। हजारों रॉकेट दागे जाने से इजराइल में भयंकर तबाही मचनी शुरू हो गई थी। इसके बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्ध की घोषना करते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। उसके बाद दोनों ओर से भीषण लड़ाई चल रही है। हमास के आतंकियों की ओर से इजराइली नागरिकों के साथ क्रूर घटनाओं वाली तस्वीरें पूरी दुनिया को हिला रही हैं।
इजराइल ने मानवता के खिलाफ किए गए इस आतंकी हमले में भारत के समर्थन के प्रति धन्यवाद जाहिर किया है। भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने देश के नैतिक समर्थन की सराहना की है।












Click it and Unblock the Notifications