क्या दिल्ली दंगों से ध्यान भटकाने के लिए खड़ा किया जा रहा है कोरोना वायरस का हौवा ?
नई दिल्ली- कोरोना वायरस की चपेट में आकर दुनिया भर में तीन हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। दुनिया भर में इससे संक्रमित मरीजों की संख्या 90,000 से ज्यादा हो चुकी है। भारत में भी 28 लोगों में इसके लक्षण की आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो चुकी है, जिनमें आधे से ज्यादा तो इटली के नागरिक हैं, जो वायरस से संक्रमित होकर भारत आए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में दो स्कूलों को इसलिए बंद करना पड़ा है, क्योंकि उसमें संक्रण होने की आशंका हो सकती है। लेकिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगता है कि यह सब सिर्फ दहशत फैलाने की कोशिश है, ताकि दिल्ली में हुई हिंसा से ध्यान हटाया जा सके। आइए जानते हैं कि टीएमसी सुप्रीमो कोरोना वायरस के खतरे को लेकर क्या सोचती हैं, जिसने पूरी दुनिया के स्वास्थ्य वैज्ञानिकों से लेकर आर्थिक जानकारों का भी सिर घुमाकर रख दिया है और चीन की सारी चालबाजियों की हवाइयां उड़ रही हैं।

दंगों से ध्यान भटकाने की चाल- ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह दिल्ली दंगों से ध्यान हटाने के लिए कोरोना वायरस के नाम पर दहशत फैला रही है।
उन्होंने कहा है, 'आज कुछ लोग कोरोना-कोरोना चिल्ला रहे हैं, हां कोरोना कुछ हद तक जानलेवा बीमारी है, लेकिन दहशत ना फैलाएं....कुछ चैनल इसका हौवा खड़ा कर रहे हैं, ताकि दिल्ली की घटनाओं को दबाया जा सके.....जब यह होता है तो रिपोर्ट करें, हम नहीं चाहते कि यह फैल जाए, लेकिन याद रखिए कि दिल्ली में मरने वाला कोई भी कोरोना वायरस से नहीं मरा है।' जबकि, कोरोना वायरस के खतरे को भांपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने इस बार होली मिलन समारोह में शामिल होना भी टाल दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ऐसा ही फैसला किया है।

दिल्ली में स्वस्थ लोगों को बेरहमी से मार डाला गया- ममता
ममता बनर्जी को लग रहा है कि कोरोना वायरस का जितना खतरा है, सरकार उसको ज्यादा बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रही है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के बुनियादपुर में एक रैली में उन्होंने कहा कि, 'अगर वे लोग वायरस की वजह से मरे तो कम से कम हमें पता चलता कि उनकी मौत जानलेवा बीमारी की वजह से हुई, लेकिन स्वस्थ्य इंसानों को बेरहमी से मार डाला गया। उन्होंने (भाजपा) माफी तक नहीं मांगी। अहंकार देखिए। वो कह रहे हैं गोली मारो, मैं चेतावनी देती हूं कि बंगाल और यूपी एक नहीं है।' तृणमूल नेता ने कहा कि 'बंगाल में किसी को चूहा भी काट ले तो ये लोग (भाजपा वाले) सीबीआई जांच की मांग शुरू कर देते हैं। लेकिन, दिल्ली में इतने लोग मारे गए, लेकिन इसको लेकर कोई न्यायिक जांच नहीं हुई। मैं सुप्रीम कोर्ट के जजों से न्यायिक जांच करवाने की मांग करती हूं।'

भारत में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ गई है
बता दें कि चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस अब वैश्विक महामारी का शक्ल अख्तियार कर चुका है। चीन के बाद ईरान और इटली में भी यह भयंकर कहर बरपा रहा है। अमेरिका में इसके मरीज की मौत की पुष्टि हो चुकी है। भारत में 28 लोगों के टेस्ट पॉजिटिव आ चुके हैं, जिसमें 16 तो इटली से आए सैलानी हैं। अकेले चीन में इस बीमारी ने तीन हजार से ज्यादा लोगों को मौत की नींद में सुला दिया है और दुनिया में इससे संक्रमित मरीजों की संख्या 90,000 को पार कर चुकी है। बड़ी बात ये है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत सरकार की ओर से इसकी रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की है और बताया है कि थोड़ी भी लापरवाही बहुत बड़े संकट को बुलावा दे सकती है। लेकिन, ये भारत है जिसमें हर चीज को देखने का एक राजनीतिक चश्मा होना भी सामान्य सी बात है।
Recommended Video
इसे भी पढ़ें- Coronavirus: WHO की चीफ साइंटिस्ट ने बताया, कितना तैयार है भारत ?












Click it and Unblock the Notifications