देवेंद्र फडणवीस ने दिया बयान, क्या महाराष्ट्र में होगा मध्यावधि चुनाव?
दिल्ली के दौरे पर आए सीएम देवेंद्र फणडवीस ने कहा है कि बीजेपी राज्य में मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार है और चुनाव होने की स्थिति में पार्टी सूबे में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी।
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सीएम के एक बयान के बाद हलचल तेज हो गई है कि क्या महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होगा? दरअसल बीजेपी और शिवसेना में खटपट की खबरों के बीच सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि बीजेपी सूबे में मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार है।

बीजेपी-शिवसेना में खटपट
राज्य में चल रहे किसान आंदोलन के बीच बीजेपी और शिवसेना के संबंध एक बार फिर से ठीक नहीं चल रहे हैं। शिवसेना किसानों के मुद्दे पर समर्थन वापसी की धमकी दे चुकी है। कुछ दिनों पहले शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा था कि जुलाई के बाद फडणवीस सरकार मुश्किल में पड़ने वाली है। एक मराठी चैनल से बात करते हुए राउत ने कहा था कि अगर किसानों की समस्या का समाधान नहीं होता तो शिवसेना सरकार से समर्थन वापस ले लेगी।
मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार
दिल्ली के दौरे पर आए सीएम देवेंद्र फणडवीस ने कहा है कि बीजेपी राज्य में मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार है और चुनाव होने की स्थिति में पार्टी सूबे में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। महाराष्ट्र के सीएम ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि जो लोग सरकार गिराने की धमकी दे रहे हैं वो सरकार गिरा दें हम मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार हैं।
खटपट के क्या हैं मायने?
ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है कि बीजेपी और शिवसेना के बीत खटपट की खबरें आई हो। मुंबई निगम चुनाव के पहले भी दोनों दलो के बीच खाई बढ़ने की खबरें आई थी। एक बार फिर से जब अगले महीने राष्ट्रपति का चुनाव होने वाला है तो दोनों दलों के बीच खटपट की खबरें कई सवाल खड़े कर रहे हैं। आपको बता दें कि रविवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications