जानिए, किस बीमारी के कारण हुआ अभिनेता इरफान खान का निधन
किस बीमारी के कारण हुआ अभिनेता इरफान खान का निधन
नई दिल्ली। मशहूर अभिनेता इरफान खान का आज मुंबई में निधन हो गया। 54 साल के इरफान ने बीते दो दशक में अदाकारी की दुनिया एक अलग पहचान बनाई थी। फिल्मों में लंबे संघर्ष के बाद पहचान बनाने वाले इरफान ने बीमारी से भी खूब संघर्ष किया। दो साल से वो बीमारी से लड़ते रहे, इस बीच उन्होंने काम भी किया लेकिन आखिर बुधवार को वो हार गए। इरफान के परिवार में पत्नी सुतापा देवेंद्र सिकदर और दो बेटे बाबिल और अयान हैं।
Recommended Video

कोलोन इंफेक्शन से गई इरफान खान की जान
इरफान खान को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वो आईसीयू में थे। उन्हें ब्रेन ट्यूमर था और उनकी कोलन इंफेक्शन की समस्या बढ़ गई थी। कोलन इंफेक्शन के चलते उन्होंने बुधवार को दम तोड़ दिया। इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। मार्च 2018 में इरफान को अपनी बीमारी का पता चला था। इसका उन्होंने लंदन में इलाज कराया था। वे अप्रैल 2019 में भारत लौटे थे। लौटने के बाद इरफान ने 'अंग्रेजी मीडियम' फिल्म की शूटिंग भी की थी।

फिल्मों में किया लंबा स्ट्रगल
इरफान खान राजस्थान से हैं। इरफान नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के छात्र रहे हैं। उन्होंने शुरुआत में टीवी में काम किया था। छोटे पर्दे पर उन्होंने ‘भारत एक खोज' में काम किया था। इसके बाद वो फिल्मों में आए। 'मकबूल', 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'द लंच बॉक्स', 'पीकू', 'हिंदी मीडियम', 'हासिल', 'पान सिंह तोमर' जैसी फिल्मों ने उन्हें एक अलग मुकाम दिया।

मिले थे कई सम्मान
सिने जगत में अपने योगदान के लिए इरफान खान को 2011 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। साल 2012 में उन्हें फिल्म पान सिंह तोमर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इन्हें 2004 में बेस्ट एक्टर फॉर निगेटिव रोल के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया था।
इरफान की मौत के बाद बॉलीवुड सकते में है। जावेद अख्तर, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और तमाम सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।सबसे पहले शूजीत सरकार ने उनकी मौत की जानकारी देते हुए ट्वीट कर लिखा- मेरा प्यारा दोस्त इरफान. तुम लड़े और लड़े और लड़े। मुझे तुम पर हमेशा गर्व रहेगा। हम दोबारा मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications