IPS आशुतोष मिश्रा कौन? उनकी मां का किसने किया कत्ल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या आया सामने
IPS Ashutosh Mishra Mother Murder: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में IPS अफसर आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की हत्या से सनसनी फैल गई है। मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरूवा गांव में घर में अकेली रह रही महिला का शव मिलने के बाद लूट की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर से कई कीमती गहने गायब थे और उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब घर में काम करने वाली दाई वहां पहुंची। वारदात के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस हत्या के पीछे कौन था और मकसद क्या था।

कौन हैं IPS आशुतोष मिश्रा?
IPS आशुतोष मिश्रा 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। वह राज्य पुलिस सेवा यानी PPS से प्रमोट होकर IPS बने हैं। वर्तमान में वह लखनऊ स्थित पुलिस भवन कल्याण में SP के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। 15 अगस्त को वह अंबेडकरनगर में एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह शाम को लखनऊ लौट गए थे। इसी के एक दिन बाद उनके घर में उनकी बुजुर्ग मां की हत्या की खबर सामने आई, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़ें: IPS Vinod Kumar कौन हैं? स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीणों पर पत्थर फेंके? पुलिसकर्मी ने किसानों पर AK-47 तानी?
घर में अकेली रहती थीं IPS की मां
आशुतोष मिश्रा की मां अंबेडकरनगर के धवरूवा गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। उनकी देखभाल के लिए एक दाई रोजाना घर आती थी। सोमवार सुबह जब दाई घर पहुंची तो महिला को मृत हालत में देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव में भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जानकारी में हत्या के साथ लूट की आशंका सामने आई है। महिला के शरीर से कुछ कीमती गहने गायब बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी लूटे गए सामान की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
मां की मौत से एक दिन पहले गांव आए थे IPS
बताया जा रहा है कि 15 अगस्त को IPS आशुतोष मिश्रा अंबेडकरनगर आए थे। वह एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल हुए और इसके बाद शाम को वापस लखनऊ लौट गए। इसके अगले ही दिन उनके घर में उनकी मां की हत्या की जानकारी सामने आई। घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या हत्यारे पहले से घर और महिला की दिनचर्या के बारे में जानते थे। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।
मुंह में ठूंसा था कपड़ा, लूट की आशंका
घटना के बाद सामने आई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और मुंह से खून भी निकला हुआ था। इससे आशंका है कि वारदात के दौरान उनके साथ जोर-जबरदस्ती की गई होगी। महिला के शरीर से कुछ गहने गायब मिलने के बाद पुलिस लूट के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण और घर से कितनी संपत्ति गायब हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या और लूट में कितने लोग शामिल थे।
ये भी पढे़ं: 150 करोड़ की संपत्ति, 3 पीढ़ियों से खाकी का नाता! कौन हैं IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर? क्यों हुआ अचानक ट्रांसफर?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या आया सामने?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर एसपी प्राची सिंह ने बताया कि आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती के शरीर पर किसी भी बाहरी चोट या संघर्ष (फाइट मार्क्स) के निशान नहीं मिले हैं। तीन डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ हुए पोस्टमॉर्टम में मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट न होने पर विसरा प्रिजर्व किया गया है। मौत का कारण कार्डियक अटैक (हार्ट अटैक) तो नहीं था, इसकी पुष्टि के लिए उनके दिल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा गया है।


Click it and Unblock the Notifications
