इंटरपोल ने भगोड़े मेहुल चोकसी के खिलाफ जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक के साथ हजारों करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी को इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस किया है। इंटरपोल ने सीबीआई के अनुरोध के बाद रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। चोकसी अभी एंटीगा में रह रहा है और उसने भारत न आने को लेकर हाल ही में नया बहाना बनाया था। मेहुल के वकील ने मुंबई की एक अदालत को बताया था कि चोकसी यात्रा करने के लिए पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हैं। इसलिए वे अगले तीन महीने तक भारत नहीं आ सकते हैं।

पिछले महीने इस मामले में ईडी को भी बड़ी सफलता हाथ लगी थी जब मेहुल चोकसी के सहयोगी दीपक कुलकर्णी को कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया था। कुलकर्णी हॉगकॉग से कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा तो पहले से ही ईडी के अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया। दीपक कुलकर्णी मेहुल चोकसी की हॉगकॉग स्थित फर्जी कंपनी का डायरेक्टर था।
बता दें कि 13,400 करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में आरोपी मेहुल चोकसी और नीरव के खिलाफ ईडी और सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। समन के बावजूद ईडी के सामने पेश नहीं होने पर उसको भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया गया वहीं उसकी कई संपत्ति भी जब्त कर ली गई थी। चोकसी ने एंटीगा की नागरिकता ले रखी है।












Click it and Unblock the Notifications