वैक्सीन उत्पादकों के साथ पीएम मोदी की बैठक, प्रोडक्शन बढ़ाने की अपील
नई दिल्ली, अप्रैल 20। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के वैक्सीन निर्माताओं के साथ बातचीत की। उनसे उत्पादन क्षमता को लगातार बढ़ाने का आग्रह किया ताकि भारत में सभी को जल्द से जल्द टीका लगाया जा सके। वैज्ञानिकों को उनके प्रयासों के लिए बधाई देते हुए, पीएम मोदी ने उन्हें रिकॉर्ड समय में टीकों के विकास और निर्माण के लिए श्रेय दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीका कार्यक्रम चल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि टीके के विकास और निर्माण की इस पूरी प्रक्रिया में, देश ने लगातार 'मिशन कोविड सुरक्षा' के तहत सार्वजनिक-निजी भागीदारी की भावना के साथ काम किया है, और एक वैक्सीन विकास पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। पीएम ने कहा कि बेहद कम समय मे सस्ती वैक्सीन देश मे बनाई गई। मिशन कोविड सुरक्षा के तहत निजी और सरकार के बीच का सहयोग देखने को मिला। सरकार वैक्सीन निर्माताओं को पूरी मदद देगी और फिलहाल ट्रायल फेज से गुजर रही वैक्सीन को भी जल्द अनुमति देने में सहयोग किया जाएगा।
प्रधान मंत्री ने कहा कि भारत के निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे ने कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई में बड़ी भूमिका निभाई है और आने वाले दिनों में निजी क्षेत्र टीकाकरण अभियान में और भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा। इसके लिए अस्पतालों और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता होगी। वर्चुअल सम्मेलन के दौरान, टीका निर्माताओं ने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण की अनुमति देने के सरकार के फैसले के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
इस वक्त भारत में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड और भारत-बायोटेक की कोवैक्सीन के जरिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हाल ही में रूसी वैक्सीन स्पूतनिक-V को भी इमरजेंसी यूज की अनुमति दे दी गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही देश में वैक्सीनेशन कार्यक्रम की रफ्तार और तेज होगी। साथ ही वैक्सीन किल्लत भी कम हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: ऑक्सीजन की कमी पर बोले पीएम मोदी- प्रोडक्शन और सप्लाई बढ़ाने के कई स्तरों पर हो रहे उपाय












Click it and Unblock the Notifications