हे भगवान! उंगली की सर्जरी के लिए भर्ती हुआ था बच्चा, अस्पताल ने जीभ का कर दिया ऑपरेशन
केरल के कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बच्ची की उंगली की जगह उसकी जीभ का ऑपरेशन कर डाला है। इस घटना के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
दरअसल यहां बच्ची के हाथ में छह उंगलियां थीं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन बच्ची जब ऑपरेशन थिएटर से बाहर आई तो परिवार दंग रह गया। परिवार ने पाया कि बच्ची की जीभ का ऑपरेशन किया गया है।

बच्ची के माता-पिता ने आरोप लगाया कि जब हमने इस बारे में पूछा तो डॉक्टर ने कहा कि उसके मुंह में क्रिस्ट पाया गया था, जिसकी वजह से जीभ का ऑपरेशन करना जरूरी था।
परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि जीभ में कोई समस्या नहीं थी। परिवार ने डॉक्टर की इस हरकत की आलोचना करके हुए इसे शर्मनाक बताया।
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें इस गलती की जानकारी दी है, दरअसल दो बच्चों की सर्जरी एक ही समय में होनी थी। इस घटना के बाद प्रदेश में काफी विवाद हो रहा है।
यहां तक कि प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने इस मामले का संज्ञान लिया और डॉक्टर बाइजॉन जॉनसन को डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजूकेशन से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही अस्पताल के लिए ऑपरेशन के दौरान नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश जारी किया गया है।
इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 336, 337 के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस घटना पर विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर गिर रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि इससे प्रदेश के साख नीचे जा रही है। प्रदेश सरकार को इस तरह के मामलों का संज्ञान लेना चाहिए और इस तरह की घटना दोबारा ना हो यह सुनिश्चित करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications