इंद्राणी मुखर्जी बोलीं, पी चिदंबरम की गिरफ्तारी खुश करने वाली खबर
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम की गिरफ्तारी को इंद्राणी मुखर्जी ने अच्छी खबर बताया है। गुरुवार को आईएनएक्स मीडिया केस में चिदंबरम की गिरफ्तारी को लेकर मीडिया के सवाल पर मुखर्जी ने कहा कि ये तो एक बढ़िया खबर है। आईएनएक्स मीडिया की प्रमोटर रहीं इंद्राणी मुखर्जी इस मामले में चिदंबरम के खिलाफ गवाह हैं। चिदंबरम की अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद बीते हफ्ते सीबाई ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। चिदंबरम अभी सीबीआई की रिमांड पर हैं।

इंद्राणी आईएनएक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की पूर्व निदेशक है। इंद्राणी और उनके पति पीटर मुखर्जी शीना बोरा हत्याकांड में जेल में बंद हैं। शीना बोरा इंद्राणी और उनके पहले पति की बेटी थी। इसी केस से संबंधित सुनवाई के लिए गुरुवार को अदालत में पेशी के दौरान मुखर्जी से मीडियाकर्मियों ने चिदंबरम की गिरफ्तारी को लेकर सवाल पूछा था। जिस पर उन्होंने कहा कि चिदंबरम गिरफ्तार हो गए, ये गुड न्यूज है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति चिदंबरम के खिलाफ आईएनएक्स मीडया मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का जो केस दर्ज हुआ है, उसमें पीटर मुखर्जी के पत्नी इंद्राणी मुखर्जी के बयान का ही आधार है।
ईडी की पूछताछ में इंद्राणी ने बताया था कि चिदंबरम ने उनके पति पीटर से कहा था कि एफआईपीबी की मंजूरी के बदले उन्हें उनके बेटे कार्ति चिदंबरम के बिजनस में मदद करनी होगी। इसी बयान को ईडी ने चार्जशीट में दर्ज किया और कोर्ट में भी इसे सबूत के तौर पर पेश किया। इसके अलावा इंद्राणी ने बयान में कार्ति पर 10 लाख की रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications