जिस बिल्डिंग को लेकर आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारी को बैट से पीटा, मंगलवार को उस पर चलेगा बुलडोजर
इंदौर। वो मकान जिसको लेकर बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय ने 26 जून को क्रिकेट के बल्ले से नगरिय निकाय के अधिकारी की पिटाई की थी, उस जर्जर इमारत को मंगलवार को ध्वस्त गिरा दिया जाएगा। दरअसल रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम ने अप्रैल 2018 में भी मकान मालिक को इमारत का जर्जर हिस्सा खाली करने के नोटिस भेजा था। लेकिन मालिक ने निर्धारित समय में वैसा नहीं किया। जिसके बाद नगर निगम ने भवन को सील कर दिया और अब मंगलवार को उस पर बुलडोजर चला दिया जाएगा।

जर्जर हालत में है इमारत
न्यूज एंजेसी एएनआई से बात करते हुए इंदौर के नगर निगम आयुक्त आशीष सिंह ने कहा कि इमारत बहुत ही जर्जर हालत में है। हम मानसून के समय में खतरा मोल नहीं ले सकते हैं क्योंकि यह किसी भी समय ढह सकती है। जिसकी वजह से जान या संपत्ति का नुकसान हो सकता है। इस कारण इस इमारत को मंगलवार को पुलिस सुरक्षा के बीच गिरा दिया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर की जाएगी उचित कार्रवाई
वहीं इमारत गिराने के दौरान किसी भी अनहोनी या फिर विरोध के सवाल पर सिंह ने कहा कि हमने पहले ही जिला प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया है। हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे। क्योंकि यह लोगों के जीवन की रक्षा से जुड़ा मामला है। सिंह ने कहा कि अगर किसी ने प्रशासनिक कार्य में दखल देने और इमारत गिराने की प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की तो हर संभव जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

कुल 26 जर्जर इमारतों को गिराया जाएगा
इसके अलावा बिल्डिंग गिराए जाने के दौरान आकाश विजयवर्गीय के समर्थकों के हस्तक्षेप या फिर किसी विरोध के बारे में पूछा गया तो नगर निगम कमिश्नर ने सिंह ने कहा कि मेरे साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है। यह एक नियमित प्रक्रिया है। पिछले साल भी हमने कई जर्जर इमारतों को गिराने का काम किया है। इस साल हमने कुल 26 जर्जर इमारतों को गिराने का आदेश जारी किया है। जिनमें 10 को तो गिरा भी दिया गया है। बता दें कि जिस इमारत को मंगलवार को गिराया जाएगा उसी को लेकर विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारी की पिटाई कर दी। इसके बाद उनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि अब आकाश को जमानत मिल गई है और वो बाहर आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications