मध्य प्रदेश में मॉडल की स्कर्ट खींचने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में मॉडल की स्कर्ट खींचे जाने के आरोप में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि पीड़ित मॉडल ने इस घटना के बारे में ट्वीट करके अपनी आप बीती सुनाई थी और मुख्यमंत्री से मामले में इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की थी। मॉडल की अपील के बाद मुख्यमंत्री ने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का आदेश दिया था।

सोशल मीडिया पर बताई आपबीती
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की रहने वाली एक मॉडल और ब्लॉगर ने भरी सड़क पर अपने साथ बदतमीजी किए जाने की बात कही थी। सोशल मीडिया पर मॉडल ने बताया है कि इंदौर की व्यस्त सड़क पर दो युवकों ने उनकी स्कर्ट उस वक्त खींच ली, जब वो स्कूटी से कहीं जा रही थीं। मॉडल ने बताया है कि वो स्कूटी चला रही थीं तो दो युवकों ने उसकी स्कर्ट खींचते हुए 'दिखाओ इसके नीचे क्या है' जैसे भद्दे कमेंट किए।
अचंभित हूं
मॉडल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ये सब आज हुआ जब मैं अपनी एक्टिवा से जा रही थी, इसी दौरान दो युवकों ने मेरी स्कर्ट खींचने की कोशिश की और कहा कि दिखाओ इसके नीचे क्या पहना है? इससे मेरी गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और मैं हादसे का शिकार हो गई। इससे मुझे चोटें भी आई हैं। ये सब इंदौर की व्यस्त सड़क पर हुआ है। मैं इससे अंचभित हूं'
गिरने के बाद भाग गए
मॉडल ने लिखा है 'मेरे सड़क पर गिरने के बाद वो लोग भाग गए, मैंने कोशिश की लेकिन उनकी गाड़ी का नंबर नहीं देख सकी। मैंने कभी खुद को कभी इतना कमजोर और इतना असहाय महसूस नहीं किया। मेरे दोस्त मुझे पास के कैफे पर ले गए और मेरी हर मदद की। मैं चुप बैठने वाली या डरने वाली लड़की नहीं हू लेकिन इस हादसे के बाद समझ में नहीं आया क्या करूं। मैंने खुद को निशब्द पाया है।' मॉडल का कहना है कि मैंने क्या पहना है, इसको लेकर कैसे उसे कोई सड़क पर तंग कर सकता है, ये पूरी तरह से मेरी च्वाइस है। मॉडल ने इसको लेकर ट्वीट किया है और अपने वो जख्म भी दिखाए हैं जो स्कूटर पर गिरने की वजह से उन्हें आए।












Click it and Unblock the Notifications