Indore Missing Couple: सोनम के पिता ने मेघालय पुलिस पर क्या आरोप लगाए? मां ने दामाद राजा को लेकर क्या मांग की?
Indore Missing Couple: इंदौर मिसिंग कपल केस में पति राजा रघुवंशी की मेघालय से लाश मिलने के बाद अब पत्नी सोनम को यूपी के गाजीपुर से कस्टडी में लिया गया है। इधर कहा जा रहा है कि पति हत्या में सोनम का हाथ है तो दूसरी तरफ सोनम के पिता अपनी बेटी के निर्दोष होने का दावा कर रहे हैं। सोनम के पिता का कहना है कि 'सोनम निर्दोष है, मेघालय पुलिस मनगढ़ंत कहानी बना रही है'। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मेघालय पुलिस असली साजिश से ध्यान हटाने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी बना रही है।

CBI करे जांच- सोनम के पिता
सोनम के पिता ने दावा किया कि हकीकत बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि अगर इस केस की CBI जांच होती है तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यहाँ तक कहा कि तब पूरा थाना जेल जाएगा, इसकी वो गारंटी लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे जिंदा हैं, तब तक इस केस का पीछा नहीं छोड़ेंगे और जब तक CBI जांच नहीं होगी और जो थाना इसमें शामिल है, उसके अफसर अंदर नहीं होंगे, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर सौ फीसदी भरोसा है और वे जानते हैं कि वह इस तरह की हरकत नहीं कर सकती।
शिलांग पुलिस पर लगाए आरोप
सोनम के पिता ने आरोप लगाया कि शिलांग पुलिस ने जो कहानी बनाई है, वह सिर्फ घटनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है और उनके पास जो कथित सबूत हैं, वे एकतरफा हैं और जांच से पहले मीडिया में लीक किए गए हैं।
राजा के कातिल का पता लगाओ- सोनम की मां
इसी बीच, सोनम की मां संगीता सोनम का भी बयान सामने आया। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, "धन्यवाद जो मिल गई है। ये भी दुख है, वो भी दुख है। लेकिन अभी तो राजा के कातिल का भी पता लगाना है।" संगीता ने आगे कहा कि क्या सही है और क्या गलत है, यह तो जांच में ही पता चलेगा। उन्होंने कहा कि बेटी मिल गई है लेकिन सच क्या है, अब तो आगे की चीजों का उन्हें ही सामना करना पड़ेगा।
कैसे चला सोनम का पता?
फिलहाल, इंदौर पुलिस के साथ-साथ शिलांग पुलिस भी गाजीपुर पहुंच रही है। इस पूरे केस की कहानी मध्य प्रदेश से शुरू होती है। बीते 11 मई को सोनम और राजा की शादी इंदौर में ही हुई थी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी 20 मई को अपने हनीमून के लिए मेघालय निकल गए। लेकिन मेघालय पहुंचने के दो दिन बाद कुछ ऐसा हुआ कि घरवालों का इस कपल से संपर्क ही टूट गया। दोनों के फोन बंद आने लगे। परिवारों ने पुलिस में शिकायत की तो दोनों को खोजने के लिए मेघालय की पहाड़ियों में अभियान चलाए गए और दुकानों के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
यूपी में मिली सफलता
मेघालय और मध्य प्रदेश में छानबीन के बाद पुलिस को उत्तर प्रदेश में सफलता मिली। गाजीपुर में 112 नंबर पर एक ढाबे वाले का फोन आया। उसने पुलिस को बताया कि सोनम उसके ढाबे में है। जानकारी के अनुसार, सोनम सुबह 3 से 4 बजे के बीच गाजीपुर के नंदगंज में उस ढाबे पर पहुंची थी। उसने ढाबे वाले का फोन लेकर अपने भाई को वीडियो कॉल की और बताया कि वह गाजीपुर में है। इसके ठीक बाद ढाबे वाले ने पुलिस को खबर कर दी। इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को सोनम को पकड़कर होल्ड करने के लिए कहा, जिसके बाद सोनम और उसके साथ तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आगे की जांच जारी है। इस मामले पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में जरूर बताएं।












Click it and Unblock the Notifications