कौन है इंडिगो के पायलट को पीटने वाला शख्स? गोवा के हनीमून में देरी हुई तो खो बैठा आपा
हवाई सेवाएं देने वाली एयरलाइन कंपनी इंडिगो इन दिनों अपनी लेटलतीफी के कारण सुर्खियों में छाई हुई है। यात्रियों का सब्र का बांध भी टूटता जा रहा है। कभी सोशल मीडिया पर यात्री अपनी भड़ास निकाल रहे हैं, तो कभी क्रू मेंबर्स को गुस्सा झेलना पड रहा हा है। कुछ ऐसा ही सीन इंडिगो की दिल्ली से गोवा जाने वाली एक फ्लाइट में नजर आया।
जब टेक ऑफ में देरी को लेकर एक यात्री ने इंडिगो के पायलट पर अचानक हमला बोल दिया। इस बीच, एयरहोस्टेस चिल्लाने लगी। देखते ही देखते हंगामा हो गया। हालांकि, बाद में हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन, वह जमानत हासिल करने में कामयाब रहा। जांच में पता चला है कि हमला करने वाला शख्स अपने हनीमून पर जा रहा था। आइए जानते हैं अचानक क्यों हुआ हमला?

दरअसल, मामला दिल्ली एयरपोर्ट का है। यहां रविवार सुबह 5 बजे से 10 बजे तक घना कोहरा छाया था। धुंध के कारण एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य हो चुकी थी। जिससे 400 से अधिक फ्लाइट्स के टेकऑफ में देरी हुई। इनमें दिल्ली से गोवा जाने वाली एक फ्लाइट भी शामिल थी। फ्लाइट को मूल रूप से सुबह 7.40 बजे टेक ऑफ करना था। लेकिन, दोपहर तीन बजे तक कोहरे के कारण टेक ऑफ नहीं कर सकी। तभी को-पायलट अनुप कुमार अनाउंसमेंट करने के लिए पहुंचे। तभी यात्री 28 वर्षीय यात्री साहिल कटारिया ने उनपर अचानक हमला कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद फ्लाइट शाम 6.30 बजे उड़ान भरी।
हनीमून जा रहा था यात्री
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार दोपहर बाद आरोपी साहिल कटारिया को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन, वह जमानत हासिल करने में कामयाब रहे। अब तक, उन्हें किसी भी नो-फ्लाई सूची में नहीं रखा गया है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि उन्हें उड़ान भरने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। जांच में पता चला कि कटारिया अपने हनीमून के लिए गोवा जा रहे थे। फ्लाइट की 12 घंटे की देरी, हनीमून की देर से शुरुआत, पायलट पर हमले की अहम वजह थी। विमानन नियामक महानिदेशक नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है।
क्या कहना है इंडिगो का ?
इंडिगो ने एक्स पर एक बयान में कहा कि कटारिया को अनियंत्रित घोषित कर दिया गया और प्रोटोकॉल के अनुसार कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया। इस घटना को नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार उचित कार्रवाई और ग्राहक को 'नो-फ्लाई सूची' में शामिल करने के लिए स्वतंत्र आंतरिक समिति को भेजा जा रहा है। हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोपरि है और हम ऐसे किसी भी अस्वीकार्य व्यवहार के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति बनाए रखते हैं।
कौन है पायलट पर हमला करने वाला शख्स ?
28 वर्षीय यात्री साहिल कटारिया दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी का रहने वाला है। इसकी एक खिलौने की दुकान है। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि देरी के कारण उन्होंने अपना आपा खो दिया।












Click it and Unblock the Notifications