Indian Railways: कोहरे से नहीं रुकेगी रफ्तार! जानिए क्या है रेलवे का फॉग सेफ्टी डिवाइस, कैसे करता है काम?
Indian Railways Fog Safety Device: कोहरे में रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रेन संचालन को पहले से अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने गाजियाबाद-दिल्ली समेत कई महत्वपूर्ण और व्यस्त रूटों पर फॉग सेफ्टी डिवाइस (FSD) आधारित सिग्नल सिस्टम लगाना शुरू कर दिया है।
इस अत्याधुनिक तकनीक के लागू होने से कोहरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम होगी और ट्रेनों की समयबद्धता भी बेहतर होगी। जानिए क्या है ये नया डिवाइस और कैसे करेगा काम...

कोहरे में क्यों आती है परेशानी
शीतकाल में उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छा जाता है, जिससे रेल पटरियों पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है। ऐसे हालात में लोको पायलट को आगे लगे सिग्नल स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। सुरक्षा कारणों से ट्रेन की गति कम करनी पड़ती है, जिसका सीधा असर ट्रेन संचालन और समय पर पहुंचने पर पड़ता है। यही वजह है कि सर्दियों में कई ट्रेनें घंटों देरी से चलती हैं।
क्या है फॉग सेफ्टी डिवाइस (FSD)
इसी समस्या के समाधान के तौर पर रेलवे ने फॉग सेफ्टी डिवाइस को अपनाया है। इस सिग्नल सिस्टम के तहत जैसे ही ट्रेन किसी सिग्नल के निर्धारित दायरे में प्रवेश करती है, उससे संबंधित जानकारी लोको पायलट को पहले ही डिस्प्ले पर मिल जाती है। इससे पायलट को यह स्पष्ट हो जाता है कि आगे कौन सा सिग्नल है और उसकी स्थिति क्या है, भले ही बाहर घना कोहरा क्यों न हो।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एफएसडी सिस्टम के लगने से न केवल यात्रियों की सुरक्षा में इजाफा होगा, बल्कि कोहरे के कारण होने वाले अनावश्यक विलंब पर भी अंकुश लगेगा। दुर्घटनाओं की आशंका कम होने से यात्रियों का रेलवे पर भरोसा और मजबूत होगा।
सुरक्षा के लिए दीवार निर्माण भी जारी
गाजियाबाद-दिल्ली रेलखंड देश के सबसे व्यस्त रूटों में से एक है। अकेले गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 200 ट्रेनें गुजरती या ठहरती हैं। इस रूट पर एफएसडी सिस्टम से ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू होगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही मिशन रफ्तार के तहत गाजियाबाद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच रेलवे लाइन के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने का काम भी चल रहा है। इस अतिव्यस्त रूट पर दोनों ओर दीवार बनने से ट्रेन संचालन में बाधा नहीं आएगी और जानवरों के टकराने जैसी घटनाओं पर भी रोक लगेगी। फॉग सेफ्टी डिवाइस और सुरक्षा दीवार जैसे कदमों से रेलवे सर्दियों में भी सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद रेल संचालन की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications