Indian Railways: रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर! कन्फर्म टिकट की गारंटी बढ़ी, वेटिंग के खेल पर लगा ब्रेक
अगर आप भी ट्रेन टिकट बुक करते समय वेटिंग लिस्ट देखकर माथा पकड़ लेते हैं, तो अब आपके लिए राहत की खबर है। भारतीय रेलवे ने वेटिंग टिकट की अनिश्चितता पर लगाम लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब किसी भी ट्रेन में बुकिंग केवल तय सीमा तक ही होगी- और वो सीमा होगी सीटों के कुल आंकड़े का सिर्फ 25%। यानी अब 'चलो वेटिंग में डाल देते हैं, शायद कन्फर्म हो जाए' वाली सोच पर भी ब्रेक लगने वाला है।
रेलवे के नए नियम के मुताबिक, AC फर्स्ट क्लास, सेकेंड और थर्ड, स्लीपर और चेयर कार-हर कैटेगरी में कुल सीटों का अधिकतम 25% हिस्सा ही वेटिंग टिकट के रूप में बुक किया जाएगा। यानि अगर किसी ट्रेन में 800 सीटें हैं, तो सिर्फ 200 टिकट ही वेटिंग में जा सकेंगे। इसके बाद उस क्लास में और बुकिंग नहीं होगी।

भीड़ से निजात, सफर में आएगी राहत
अभी तक बड़ी संख्या में वेटिंग टिकट जारी होने से कन्फर्म टिकट वालों के अलावा भी कई यात्री रिजर्व कोच में घुस जाते थे, जिससे ट्रेन में भीड़ और अव्यवस्था बढ़ जाती थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नए नियम से रिजर्व कोच में अनधिकृत भीड़ पर रोक लगेगी और यात्रियों को ज्यादा आरामदायक सफर मिलेगा।
हर जोन खुद तय करेगा वेटिंग का फॉर्मूला
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवेज को सर्कुलर भेजकर इसे लागू करने को कहा है। हालांकि, हर जोन अपनी ट्रेनों के बुकिंग और कैंसिलेशन ट्रेंड के आधार पर यह तय करेगा कि किस ट्रेन में कितनी वेटिंग टिकट दी जाए। यानी यह नियम लचीला रहेगा, लेकिन ऊपरी सीमा 25% से ज़्यादा नहीं होगी।
पुराना सिस्टम अब हो गया पुराना
जनवरी 2013 के नियम के मुताबिक, पहले वेटिंग की सीमा AC1 में 30, AC2 में 100, AC3 में 300 और स्लीपर में 400 टिकट तक होती थी। कई बार टिकट बुक तो हो जाता था, लेकिन आखिरी समय तक कन्फर्म नहीं होता और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब रेलवे का फोकस 'क्वालिटी बुकिंग' पर है, ताकि जो टिकट मिले वो सफर का भरोसा भी दे।
यात्रियों को मिलेगी स्पष्टता और सुकून
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस बदलाव से यात्रियों को पहले ही पता चल जाएगा कि टिकट कन्फर्म होगा या नहीं। इससे अनावश्यक इंतजार और टिकट कन्फर्म होने की बेवजह की उम्मीद से भी छुटकारा मिलेगा। कन्फर्म टिकट की संभावना बढ़ेगी और सफर की तैयारी भी साफ-सुथरी होगी।
इन पर लागू नहीं होगा नया नियम
भारतीय रेलवे का नया वेटिंग टिकट नियम उन यात्रियों पर लागू नहीं होगा जो रियायती (छूट वाले) टिकट पर यात्रा करते हैं या जिनका टिकट सरकारी वारंट के जरिए जारी किया गया हो। इसका मतलब ये है कि अगर कोई दिव्यांग यात्री कंसेशन के तहत टिकट बुक कराते हैं, तो उन पर यह 25% वाली वेटिंग लिमिट नहीं लागू होगी। इसी तरह, सेना के जवानों को मिलने वाले मिलिट्री वारंट पर भी यह नियम प्रभावी नहीं रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications