Indian Railway: तत्काल टिकट कन्फर्म नहीं हुआ तो क्या मिलेगा रिफंड? जानिए रेलवे का पूरा नियम
Indian Railway Tatkal Ticket Refund Rules: भारतीय रेलवे हर दिन लाखों यात्रियों को यात्रा की सुविधा देता है और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग तरह की टिकट बुकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। इन्हीं में से एक है तत्काल टिकट, जिसे ट्रेन के खुलने से 24 घंटे पहले बुक किया जाता है।
हालांकि, कई बार ऐसा होता है कि तत्काल टिकट बुक करने के बाद भी यात्रियों को वेटिंग लिस्ट मिल जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अगर वेटिंग क्लियर नहीं हुई तो क्या रेलवे पैसे वापस करता है या नहीं। चलिए आज आपके इन्हीं सवालों का जवाब देते हैं...

IRCTC tatkal Booking: तत्काल टिकट कैसे मिलता है?
तत्काल टिकट उन यात्रियों के लिए होती है, जिन्हें अचानक यात्रा करनी पड़ती है। रेलवे इस कोटे के तहत सीमित संख्या में सीटें उपलब्ध कराता है। इसकी बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले शुरू होती है और इसमें सामान्य टिकट की तुलना में अधिक किराया लिया जाता है।
तत्काल टिकट पर रेलवे का नियम क्या कहता है?
अक्सर यह माना जाता है कि तत्काल टिकट हमेशा कन्फर्म ही मिलती है, लेकिन ऐसा नहीं है। सीटें सीमित होने की वजह से कई बार तत्काल में भी वेटिंग टिकट जारी हो जाती है। अगर आपकी तत्काल टिकट वेटिंग में है और चार्ट बनने तक कन्फर्म नहीं होती, तो आप उस टिकट पर यात्रा नहीं कर सकते।
भारतीय रेलवे के नियमों के मुताबिक, यदि तत्काल टिकट वेटिंग में रहती है और कन्फर्म नहीं होती, तो रेलवे उस टिकट को अपने आप (ऑटोमेटिक) कैंसिल कर देता है। ऐसे टिकट पर यात्री को ट्रेन में सफर करने की अनुमति नहीं होती।
क्या तत्काल वेटिंग टिकट पर रिफंड मिलता है?
इस सवाल का जवाब है-हां, लेकिन शर्तों के साथ। अगर आपकी तत्काल टिकट कन्फर्म नहीं होती और वह वेटिंग में ही रह जाती है, तो रेलवे आपको टिकट का पैसा वापस कर देता है। आमतौर पर यह रिफंड टिकट कैंसिल होने के 3 से 4 वर्किंग डे के अंदर-अंदर ही आपके बैंक खाते में आ जाता है।
क्या पूरा पैसा वापस मिलता है?
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि रेलवे बुकिंग चार्ज काट लेता है। तत्काल टिकट कन्फर्म न होने पर बुकिंग चार्ज वापस नहीं किया जाता। बाकी राशि यात्री को रिफंड कर दी जाती है। यही नियम सामान्य (जनरल) टिकट की वेटिंग लिस्ट के मामले में भी लागू होता है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- यदि आपकी तत्काल टिकट वेटिंग में है, तो चार्ट बनने के बाद उसका स्टेटस जरूर चेक करें।
- वेटिंग टिकट कन्फर्म न होने पर यात्रा करने की कोशिश न करें, क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है।
- रिफंड की स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पैसा तय समय में खाते में वापस आ जाता है।
अगर आपने तत्काल टिकट बुक किया है और वह वेटिंग में रह गई है, तो यात्रा संभव नहीं होगी। हालांकि, रेलवे यात्रियों को राहत देते हुए बुकिंग चार्ज काटकर शेष राशि वापस कर देता है। ऐसे में यात्रियों को नियमों की सही जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी तरह की गलतफहमी से बच सकें।












Click it and Unblock the Notifications