MP News: खड़गे की टिप्पणी पर सियासत तेज, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मांगी माफी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की प्रधानमंत्री मोदी पर की गई टिप्पणी की निंदा की है, और चुनाव वर्ष के बढ़ते तनाव के बीच सार्वजनिक माफी और सभ्य, जिम्मेदार राजनीतिक चर्चा का आह्वान किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल अनुचित है, बल्कि देश के राजनीतिक संवाद के स्तर को भी गिराती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं के बयानों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और भविष्य में ऐसी भाषा से बचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी लगातार ऐसी गलतियां कर रही है, जिससे उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अतीत और व्यवहार पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आपातकाल के दौरान विपक्ष के साथ हुए व्यवहार के लिए कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी है। साथ ही आरोप लगाया कि पार्टी ने विभिन्न समय पर अलगाववादी तत्वों को बढ़ावा दिया।
चुनावी माहौल में बयानबाजी तेज
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि चुनावी परिदृश्य में कांग्रेस और डीएमके जैसे दल संभावित हार को देखते हुए बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने खड़गे के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोहराया कि कांग्रेस अध्यक्ष को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गरिमामय भाषा और जिम्मेदार बयान जरूरी हैं, और सभी राजनीतिक दलों को इसका पालन करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications