SIMBEX-20: चीन से विवाद के बीच अब अंडमान में सिंगापुर नेवी के साथ युद्धाभ्यास करेगी भारतीय नौसेना
नई दिल्ली: लद्दाख में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद जारी है। आए दिन पाकिस्तान भी सीमा पर नापाक हरकतों को अंजाम देता रहता है। दोनों दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारत भी अपनी तैयारियां मजबूत कर रहा है। हाल ही में भारत ने अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर अरब सागर में मालाबार युद्धाभ्यास किया था। इस अभ्यास के बाद अब भारतीय नौसेना सिंगापुर की नौसेना के साथ नया अभ्यास करने जा रही है।
Recommended Video

भारत कर रहा SIMBEX-20 की मेजबानी
भारतीय नौसेना के मुताबिक वो भारत-सिंगापुर द्विपक्षीय युद्धभ्यास SIMBEX-20 की मेजबानी करने वाले हैं। ये अभ्यास 23 नवंबर से अंडमान सागर में शुरू होगा और 25 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों देशों की नौसेना एक-दूसरे से तकनीकी जानकारियों का आदान-प्रदान करेंगी। साथ ही इससे अंतर-संचालन को बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस युद्धाभ्यास से भी चीन और पाकिस्तान को मिर्ची लगनी तय मानी जा रही है।

मालाबार में हुआ था बड़ा युद्धाभ्यास
आपको बता दें कि क्वाड संगठन की चार नौसेनाओं के बीच हुआ मालाबार युद्धाभ्यास शुक्रवार को खत्म हो गया। अरब सागर और पश्चिमी हिंद महासागर में भारतीय नौसेना के साथ ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका की नौसेनाओं ने अभ्यास किया था। वैसे तो इस युद्धाभ्यास का पहला चरण 3-6 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में हुआ था। फिर 17 नवंबर से 20 नवंबर तक इसका दूसरा चरण चला। इस दौरान चारों देशों की नौसेनाओं ने मिलकर दुश्मन (प्रतीकात्मक) का खात्मा किया। इस युद्धाभ्यास के जरिए चारों देशों ने चीन को साफ संदेश दे दिया कि वो मुश्किल वक्त में एक साथ नजर आएंगे।

लद्दाख में भारतीय सेना भी तैयार
दरअसल मई की शुरूआत में भारतीय सेना का लद्दाख और सिक्किम में चीन के साथ विवाद शुरू हुआ था। कुछ दिन बाद सिक्किम का विवाद तो शांत हो गया, लेकिन लद्दाख में अभी भी माहौल गर्म है। जून में गलवान घाटी में हुई झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हुए, जबकि इससे ज्यादा चीनी सैनिकों की भी मौत हुई थी। हालात का अंदाज आप इसी बात से लगा सकते हैं कि कड़ाके की ठंड के बाद भी दोनों देशों की सेनाएं एलएसी पर तैनात हैं। जवानों को ठंड से बचाने के लिए हाल ही में भारत ने विदेशों से शीतकालीन युद्धक सामग्री भी मंहवाई थी।












Click it and Unblock the Notifications