Indian Navy Agniveers: देश सेवा में समर्पित होंगी 273 बेटियां, 28 मार्च की पासिंग आउट परेड में 2600 अग्निवीर
भारतीय नौसेना में अग्निवीरों का पहला बैच तैयार होने वाला है। 28 मार्च को पासिंग आउट परेड में 2600 अग्निवीरों की ट्रेनिंग पूरी हो जाएगी। पहले बैच में 273 महिला नौसेना अधिकारी हैं।

Indian Navy Agniveers देश सेवा में समर्पित होने को तैयार हैं। INS Chilka में पास आउट परेड 28 मार्च को होना है। एक रिपोर्ट के अनुसार नौसेना के अग्निवीरों का पहला जत्था 28 मार्च को आईएनएस चिल्का से निकलेगा। परेड के साथ 273 महिला अग्निवीरों सहित लगभग 2,600 अग्निवीरों का प्रशिक्षण पूरा हो जाएगा। नौसेनाध्यक्ष पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी होंगे।
स्कीम बनने के 9 महीने बाद पहला बैच तैयार
पासिंग आउट परेड में वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली समेत शीर्ष सैन्य अधिकारी और अग्निवीरों के अभिभावक मौजूद रहेंगे। सफल प्रशिक्षुओं को उनके समुद्री प्रशिक्षण के लिए सीमावर्ती युद्धपोतों पर तैनात किया जाएगा। बता दें कि करीब 10 महीने पहले 14 जून, 2022 को रक्षा मंत्री और तीनों सेना प्रमुखों ने अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी।
Recommended Video
16 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग
नौसेना ने महिला अग्निवीरों के प्रवेश को शुरू करने के लिए इस अवसर का लाभ उठाया। 273 महिला अग्निवीरों सहित करीब 2600 अग्निवीरों को नवंबर 2022 से आईएनएस चिल्का में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भारतीय नौसेना में शामिल होने वाले ये युवा सैनिक 16 सप्ताह की ट्रेनिंग के बाद चैलेंजिंग रोल में देश सेवा के प्रति समर्पित हो जाएंगे।
जब कर्तव्य पथ पर दिखे भारत के अग्निवीर
समुद्री योद्धा बनने जा रहे नौसेना के अग्निवीर भारतीय नौसेना के प्रमुख प्रशिक्षण प्रतिष्ठान आईएनएस चिल्का में ट्रेनिंग के दौरान 26 जनवरी की ऐतिहासिक परेड का हिस्सा भी बने। भारतीय नौसेना की टुकड़ी में शामिल अग्निवीरों ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूरी दुनिया के सामने भारतीय युवाओं का जज्बा दिखाया।
पहली बार सूर्यास्त के बाद पासिंग आउट परेड
पासिंग आउट परेड न केवल अग्निवीरों (प्रशिक्षुओं) के लिए बल्कि उनके परिवारों के लिए भी गर्व का क्षण होता है। खास बात ये कि अग्निवीर स्कीम की शुरुआत के बाद से ये किसी भी प्रशिक्षण संस्थान से अग्निवीरों का पहला पासिंग आउट परेड है। सशस्त्र बलों की यूनिट्स में परंपरागत रूप से, पासिंग आउट परेड सुबह आयोजित किए जाते हैं। हालांकि, इस मायने में भी ये ऐतिहासिक परेड बनने वाली है, क्योंकि पहली बार सूर्यास्त के बाद परेड का आयोजन होगा, जो भारतीय सशस्त्र बलों में अपनी तरह का पहला मौका है।
CDS जनरल रावत की बेटियां अग्निवीरों को सम्मानित करेंगी
परेड के दौरान अग्निवीरों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी मिलेगा। देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), दिवंगत जनरल बिपिन रावत की स्मृति में भारतीय नौसेना ने 'योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम महिला अग्निवीर प्रशिक्षु' के लिए जनरल बिपिन रावत रोलिंग ट्रॉफी दिए जाने की शुरुआत होगी। यह ट्रॉफी योग्य महिला अग्निवीर को जनरल रावत की बेटियों द्वारा भेंट की जाएगी।
ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और क्रिकेटर बेटी की मौजूदगी
अग्निवीरों को प्रेरित करने के लिए, पहली बार पासिंग आउट परेड में प्रतिष्ठित अनुभवी नाविक भी भाग लेंगे। इन्होंने अपनी सेवा के साथ-साथ सेवानिवृत्ति के बाद वाले करियर में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित पीटी उषा भी परेड की साक्षी बनेंगी। उषा भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष भी हैं। पद्म श्री, अर्जुन पुरस्कार और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाली मिताली राज भी मौजूद रहेंगी।
कहां देख सकेंगे सीधा प्रसारण
इस ऐतिहासिक और कई मायनों में पहली घटनाओं वाले पासिंग आउट परेड की लाइव स्ट्रीमिंग 28 मार्च को शाम 1730 बजे से होगी। भारतीय नौसेना के यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पेज के साथ-साथ दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications