'अमित कुमार पहले पैसे लेकर Indian Idol में आते हैं और फिर...', अब फूटा मनोज मुंतशिर का गुस्सा
नहीं थम रहा इंडियन आइडल का विवाद, मनोज मुंतशिर बोले- 'पैसे लेकर शो में शामिल हुए अमित कुमार और अब...'
मुंबई, 31 मई: सोनी टीवी का मशहूर सिंगिंग रिएलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-12 इन दिनों विवादों में घिरा हुआ है। दरअसल इंडियन आइडल के 12वें सीजन को लेकर विवाद उस वक्त खड़ा हुआ, जब 'किशोर कुमार स्पेशल एपिसोड' में उनके बेटे और दिग्गज गायक अमित कुमार शो में गेस्ट के तौर पर शामिल हुए। इस शो के बाद एक इंटरव्यू में अमित कुमार ने आरोप लगाया कि इंडियन आइडल के निर्माताओं ने उनसे कहा था कि चाहे आपकी राय कुछ भी हो, लेकिन आपको सभी प्रतियोगियों की तारीफ करनी है। मामले को लेकर अब शो में गेस्ट जज के तौर पर शामिल हुए मनोज मुंतशिर ने इंडियन आइडल को सपोर्ट करते हुए अमित कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
Recommended Video

मनोज मुंतशिर ने क्या कहा
ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू के दौरान मनोज मुंतशिर ने आरोप लगाया कि अमित कुमार ने पहले शो में शामिल होने के बदले पैसे लिए और अब इंडियन आइडल की आलोचना कर रहे हैं। मनोज मुंतशिर ने कहा, 'अमित कुमार शो का हिस्सा बने और फिर बाहर आकर बुराई करने लगे, अगर ऐसा था तो उन्हें पहले ही इंडियन आइडल में शामिल होने से मना कर देना चाहिए था। वो शो का हिस्सा बनने के बदले पैसे भी लेते हैं और फिर उसमें कमी भी निकालते हैं।'

'जो अमित कुमार ने किया, मैं कभी नहीं करूंगा'
मनोज मुंतशिर ने आगे कहा, 'जो कुछ अमित कुमार ने किया, मैं कभी ऐसा नहीं करूंगा। अगर मैं उनकी जगह होता और शो की किसी बात से असहमत होता, तो मैं निर्माताओं से कहता कि मैं शो का हिस्सा ही नहीं बनना चाहता।' आपको बता दें कि इससे पहले अमित कुमार के आरोपों को लेकर इंडियन आइडल के होस्ट और सिंगर आदित्य नारायण भी उनके ऊपर भड़क चुके हैं।

नेहा कक्कड़ और हिमेश का किया बचाव
वहीं, इंडियन आइडल में जज के तौर पर शामिल सिंगर नेहा कक्कड़ और गायक-कंपोजर हिमेश रेशमिया का बचाव करते हुए मनोज मुंतशिर ने कहा, 'मैं एक बात और कहना चाहता हूं। अगर मैं अपने बाथरूम में या अपने दोस्तों के बीच किशोर कुमार के गाने गा रहा हूं, तो कोई मुझे ये नहीं कह सकता कि मैं उनकी तरह नहीं गा सकता। मुझे पता है कि मैं नहीं गा सकता, कोई भी नहीं गा सकता। नेहा और हिमेश ने शो में जो भी गीत गाए, उन्होंने किशोर कुमार को याद करते हुए गाए और इसे सही भावना से ही लिया जाना चाहिए था। उन्होंने जो किया उसमें कुछ भी गलत नहीं था।'

'हम अपने तराजू में बच्चों को नहीं तौल सकते'
मनोज मुंतशिर ने आगे कहा, 'लोगों को अपनी समझ का दायरा बढ़ाने की जरूरत है। शो में गेस्ट के तौर पर आने वाले जज अगर प्रतिभागी गायकों की बहुत ज्यादा आलोचना करेंगे तो उनका हौंसला टूटेगा। इसीलिए, गेस्ट जजों से कहा जाता है कि वो सिंगर के पॉजिटिव पहलुओं को देखें और उनपर बात करें। ये सब तो मुझसे भी कहा गया था। इस बात में कोई शक नहीं कि प्रोफेशनल संगीतकार होने के नाते संगीत को लेकर हमारा नजरिया बहुत ऊंचा है, लेकिन हम उस पैमाने पर बच्चों को तो नहीं तौल सकते ना।'

अमित कुमार के इस बयान से बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि हाल ही में ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अमित कुमार ने इंडियन आइडल के बारे में कहा, 'मैंने शो में वही किया, जो मुझसे करने के लिए कहा गया था। मुझसे कहा गया कि सभी कंटेस्टेंट की तारीफ करनी है। मुझसे कहा गया कि जो जैसा भी गाए, उसको अपलिफ्ट करना है, क्योंकि ये कार्यक्रम किशोर दा को श्रद्धांजलि देने के लिए है। मुझे भी लगा कि ये शो मेरे पिता को श्रद्धांजलि होगी। लेकिन, वहां पहुंचने के बाद, मैंने वही किया जो मुझसे करने के लिए कहा गया था। मैंने उनसे कहा कि मुझे स्क्रिप्ट के कुछ हिस्से पहले ही दे दीजिए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।'

सुनिधि चौहान ने भी किया बड़ा खुलासा
अमित कुमार के बाद प्लेबैक सिंगर सुनिधि चौहान ने भी इंडियन आइडल को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। सुनिधि चौहान इंडियन आइडल के सीजन-5 और सीजन-6 की जज रह चुकी हैं। सुनिधि चौहान ने बताया, 'मैंने शो को इसलिए ही छोड़ा था, क्योंकि मैं वो सब नहीं कर सकती थी, जो इंडियन आइडल के निर्माता चाहते थे। मुझसे कहा गया था कि भले ही मेरी राय कुछ भी हो, बस मुझे सभी कंटेस्टेंट की तारीफ करनी है।'












Click it and Unblock the Notifications