नेपाल के माउंट अन्नपूर्णा में भारतीय पर्वतारोही लापता, 6000 मीटर नीचे दरार में गिरा, तलाशी अभियान जारी
Indian Climber Missing From Nepal Mountain Annapurna: राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले 34 वर्षीय भारतीय पर्वतारोही नेपाल के पर्वत अन्नपूर्णा से लापता हो गया है।

Indian Climber Missing From Nepal Mountain Annapurna: नेपाल में माउंट अन्नपूर्णा में एक भारतीय पर्वतारोही 34 वर्षीय अनुराग मालू (anurag maloo) सोमवार को लापता हो गए हैं। अनुराग मालू के 6000 मीटर नीचे दरार में गिरने की संभावना है। उनको खोजने के लिए तलाशी अभियान जारी है। ये जानकारी अभियान आयोजक के एक अधिकारी ने दी है।
ट्रेकिंग अभियान का संचालन करने वाले सेवन समिट ट्रेक के अध्यक्ष मिंगमा शेरपा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि राजस्थान के किशनगढ़ के निवासी अनुराग मालू माउंट अन्नपूर्णा से उतरते समय लापता हो गए थे और सोमवार सुबह से लापता हैं।
मिंगमा शेरपा ने यह भी कहा, ''अनुराग मालू के लापता होने के कुछ समय बाद ही हमने उसकी व्यापक तलाश शुरू कर दी थी। हालांकि सोमवार शाम तक हम उनका पता लगाने में सफल नहीं हुए थे।'' उन्होंने कहा, "हम मंगलवार को भी तलाश जारी रखेंगे।"
हिमालयन टाइम्स अखबार के मुताबिक अनुराग मालू संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक लक्ष्यों (हैशटैग क्लाइम्बिंग फॉर एसडीजी) के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए 8,000 मीटर से ऊपर की सभी 14 चोटियों और सात शिखर पर चढ़ने के मिशन पर थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि अनुराग मालू को आरईएक्स कर्मवीर चक्र से सम्मानित किया गया है। अनुराग भारत से 2041अंटार्कटिक यूथ एंबेसडर बने थे।
इससे पहले माउंट अमा डबलाम पर अनुराग ने सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। जिसके बाद वो माउंट एवरेस्ट, अन्नपूर्णा और ल्होत्से पवर्तों पर चढ़ने की योजना बना रहे थे।
बता दें कि नेपाल का पर्वत अन्नपूर्णा दुनिया का दसवां सबसे ऊंचा पर्वत है, जो समुद्र तल से 8,091 मीटर ऊपर है।
शेरपा ने यह भी कहा है कि लापता अनुराग मालू को खोजने के लिए हवाई खोज भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कैंप 4 में पहुंचने के बाद अनुराग ने अपनी चढ़ाई छोड़ दी है।












Click it and Unblock the Notifications