लद्दाख: भारत-चीन के बीच आज 11वें दौर की बैठक, हॉट स्प्रिंग और देपसांग पर हो सकती है चर्चा
नई दिल्ली: लद्दाख में चीन के साथ चल रहे विवाद को 11 महीने हो गए हैं, लेकिन हालात अभी भी काफी तनावपूर्ण हैं। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भीषण ठंड के बावजूद दोनों देशों के सैनिक उच्च पर्वतीय इलाकों में मोर्चा संभाले हुए हैं। हालांकि लंबे वक्त से दोनों देश बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे। अभी तक इसके लिए 10 दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस हल नहीं निकला। अब फिर से भारत-चीन सेना के उच्चाधिकारी मीटिंग करने जा रहे हैं, ताकी विवादित मसलों को हल करके एलएसी पर शांति बहाल की जा सके।

भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि आज सुबह 10.30 बजे चीन और भारतीय सेना के बीच कोर कमांडर लेवल की बैठक होगी। ये 11वें दौर की बैठक पूर्वी लद्दाख के चुशूल में होगी। इस बार भी दोनों सेनाओं का मुख्य मुद्दा विवादित इलाकों में डिसइंगेजमेंट है। सूत्रों ने बताया कि लेह स्थित 14वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पी जी के मेनन भारत की ओर से शामिल होंगे। मेनन 10वें दौर की वार्ता में भी मौजूद थे और उन्हें लद्दाख से जुड़ा अच्छा अनुभव है।
कई इलाकों में शांति
लंबी सैन्य और राजनयिक वार्ताओं के बाद फरवरी में पेंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारे से सेनाओं और हथियारों को पूरी तरह हटाने के समझौते पर सहमति बनी थी, लेकिन कई पर्वतीय इलाके ऐसे हैं, जहां पर अभी भी हालात पहले जैसे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शुक्रवार की बैठक में हॉट स्प्रिंग, गोगरा और देपसांग जैसे इलाकों में भी टकराव कम करने पर जोर दिया जाएगा। कुछ दिनों पहले चीन ने एक अधिकारिक बयान जारी कर लद्दाख में कम हो रहे तनाव पर खुशी जाहिर की थी। साथ ही कहा था कि दोनों पक्ष चीन-भारत सीमा के पश्चिमी सेक्शन में अन्य मुद्दों पर समझौते को बढ़ावा देने के लिए सैन्य और राजनयिक चैनलों के जरिए बातचीत बनाए रखने पर सहमत हैं।












Click it and Unblock the Notifications