'बांग्लादेश में भारतीय बस पर हमला', त्रिपुरा के मंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें, लगाए ये आरोप
Sushanta Chowdhury: सत्ता परिवर्तन के बाद से लगातार बांग्लादेश में हिंसा जारी है। इस बीच, ऐसी खबर आ रही है कि अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय बस पर बांग्लादेश में हमला हुआ है। इस बात की जानकारी खुद त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने दी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने बस की तस्वीरें शेयर की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, त्रिपुरा के परिवहन मंत्री ने बताया कि यह घटना ब्राह्मणबारिया जिले के विश्वा रोड पर हुई। इस घटना से बस में सवार भारतीय यात्री सहम गए। वहीं, इस घटना पर मुख्यमंत्री माणिक साहा का बयान भी आया है। उन्होंने कहा कि बस पर हुए हमले की सूचना मिली और वे इस घटना के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

राज्य परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने कहा, श्यामोली परिवहन बस को जानबूझकर एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जबकि वह अपनी लेन में थी। इसके बाद एक ऑटोरिक्शा बस के सामने आ गया, जिससे टक्कर हो गई। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने कथित तौर पर भारतीय यात्रियों को धमकाया और भारत विरोधी नारे लगाए।'
उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। मंत्री सुशांत चौधरी ने घटना की निंदा की और बांग्लादेश प्रशासन से भारतीय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बता दें, कोलकाता और अगरतला के बीच बसों का संचालन ढाका के रास्ते होता है।
इससे यात्रा की दूरी आधे से भी कम हो जाती है। यह विमान यात्रा से सस्ती पड़ती है और असम से ट्रेन से यात्रा करने की तुलना में कम समय लगता है। वहीं, इस घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हमले पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि अगरतला से कोलकाता जा रही यात्रियों को ले जा रही बस पर शनिवार को ब्राह्मणबरिया के विश्वा रोड पर हमला किया गया।
मैं इस मामले में ठोस जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा हूं। मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस दोनों को बांग्लादेश के साथ त्रिपुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। यह निर्देश इसलिए दिया गया है क्योंकि त्रिपुरा तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है, जिसके चलते सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्त करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications