सोशल मीडिया पर चल रहे अभियान पर भारतीय सेना ने जाहिर की चिंता
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और गलत जानकारी को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है उसपर भारतीय सेना ने भी चिंता जाहिर की है। भारतीय सेना की ओर से कहा गया है कि पिछले तीन हफ्ते में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। हर स्तर पर सतर्कता को बढ़ा दिया गया है। इस तरह की गलत जानकारियों से निपटने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है, जिससे कि आतंकियों की ओर से फैलाए जा रहे झूठ और फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया जा सके।

गौर करने वाली बात है कि पिछले दिनों में जिस तरह से विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर फर्जी जानकारी साझा की जा रही थी उसपर खुद भारतीय वायुसेना ने बयान जारी करके सफाई दी थी। भारतीय वायुसेना की ओर से जानकारी देते हुए कहा गया था कि विंग कमांडर अभिनंदन के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर गलत जानकारी साझा की जा रही है। उनका सोशल मीडिया पर अकाउंट नहीं है, लिहाजा इस तरह की फर्जी खबरों पर भरोसा नहीं करें।
आपको बता दें कि पिछले दिनों जिस तरह से पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक की और तमाम जैश के कमांडर और आतंकियों को ढेर कर दिया उसके बाद से तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में अलग-अलग जानकारी साझा की जा रही है। इन तमाम जानकारियो में कई गलत जानकारियां भी साझा की जा रही हैं। जिसे कई मौकों पर ना सिर्फ सरकार बल्कि वायुसेना ने भी खारिज किया है। लेकिन अब एक बार फिर से भारतीय सेना ने ऐसी जानकारियों के खिलाफ अपनी सतर्कता को जाहिर किया है।












Click it and Unblock the Notifications