आतंकियों के गढ़ शोपियां में भारतीय सेना की बढ़ी हलचल, जल्द होगा सफाया
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में आतंकियों के गढ़ माने जाने वाले शोपियां इलाके में भारतीय सेना की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भारतीय सेना इन दिनों ऑपरेशन ऑलआउट के तहत घाटी से आतंकियों के सफाए पर लगी हैं। शोपियां को घाटी में आतंकियों के लिए सबसे सुरक्षित जगहों में से एक माना जाता है। सेना ने अब इलाके में अपनी गतिविधयां बढ़ाते हुए नए कैंप लगाने जा रही है। सीआरपीएफ की रिजर्व बटालियन को पहले ही शोपियां में भेजा जा चुका है।

शोपियां घाटी के दक्षिण में पहाड़ी रेंज में स्थित है। शोपियां के रास्ते ही आतंकी जम्मू के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ इलाकों में घुसते हैं। शोपियां में आतंकियों की पकड़ इतनी मजबूत है कि अप्रैल में जब भारतीय सेना ने यहां के हेफ शीरमाल इलाके में घुसने की कोशिश की थी तो उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। इसके बाद ही भारतीय सेना ने शोपियां को लेकर योजनाएं बनानी शुरू कर दी थी।
जुलाई में घाटी में आतंकियों के पोस्टर ब्वॉय माने जाने वाले बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद शोपियां से अब तक 37 युवक गायब हो चुके हैं। इन युवकों के आतंकी संगठनों में शामिल होने की खबर है। इस सबको देखते सीआरपीएफ की रिजर्व बटालियन को शोपियां में भेजा गया है। इस बटालियन में अधिकारियों समेत करीब 1 हजार जवान शामिल हैं जल्द ही सेना के पांच कैंप भी यहां लगेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि सेना की शोपियां में हलचलें बढ़ने से अब आतंकियों की स्थानीय गतिविधी की जानकारी भी मिलने लगी है। जिसकी वजह से हाल ही में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच में कुछ मुठभेड़े भी देखने को मिली हैं। इन मुठभेड़ों में हिजबुल का फाइनेंसर वसीम शाह समेत कई बड़े आतंकी मारे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications