जम्मू कश्मीर: सेना ने एलओसी पर माछेल सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को किया नाकाम
श्रीनगर। सेना ने जम्मू कश्मीर में एलओसी पर स्थित माछेल सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। सेना की ओर से बताया गया है कि मंगलवार को करीब ढाई बजे 5 से 6 आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में सेना का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को निकाल लिया गया है और उनका इलाज जारी है। सेना ने बताया है कि आतंकी भारतीय सीमा के करीब 500 मीटर अंदर तक दाखिल हो गए थे।

राजौरी में लगातार फायरिंग
वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान सेना की तरफ से राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर भी फायरिंग की गई। सेना की ओर से बताया गया है कि पाक सेना की तरफ से छोटे हथियारों और मोर्टार से फायरिंग की गई और युद्धविराम तोड़ा गया। सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दोपहर 12:45 मिनट पर पाक की तरफ से फायरिंग शुरू हुई। सेना ने इसका करारा जवाब दिया। करीब दो बजकर 30 मिनट पर फायरिंग बंद हो सकी।
LoC पर सेना हाई अलर्ट पर
सोमवार को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद से ही सेना लगातार एलओसी पर हाई अलर्ट पर है। अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह के दुस्साहस का जवाब देने के लिए जवान पूरी तरह से तैयार हैं। टॉप आर्मी कमांडर्स लगातार राज्य में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। केंद्र के फैसले के बाद यहां पर हालात तनावपूर्ण होने की संभावना है और सेना किसी भी घटना से निबटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तान अब कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने की कोशिश कर सकता है। घाटी में हिंसा हो सकती है, आईईडी ब्लास्ट और आत्मघाती हमले की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। एक सीनियर ऑफिसर की ओर से कहा गया है कि सुरक्षाबल किसी भी तरह की स्थिति का सामना करने और उससे निबटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications