पाकिस्तान नहीं जाना चाहतीं भारतीय एयरलाइंस, सरकार से की रूट बदलने की मांग
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के रिश्तों का असर अब विमान कंपनियों पर भी दिखने लगा है। भारतीय एयरलाइंस कंपनियों ने केंद्र सरकार से गुजारिश की है कि वे खाड़ी देशों में जाने के लिए रूट में बदलाव करना चाहती हैं। कंपनियों का कहना है कि वे पाकिस्तान का रास्ता छोड़ना चाहती हैं।

एयर इंडिया, जेट एयरवेज, इंडिगो और स्पाइसजेट की फ्लाइट्स पाकिस्तान के रास्ते खाड़ी देशों में जाती हैं। एक एयरलाइन अधिकारी ने बताया, 'बीते कुछ दिनों में भारत ने पाकिस्तान से आने वाले कुछ नॉन-शेड्यूल एयरक्राफ्ट को वापस लौटने के लिए कहा है, ऐसे में पाकिस्तान भी यही काम कर सकता है। यह भी एक वजह है रास्ता बदलने की मांग की. साथ ही कीमतों का फैक्टर भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।'
स्पाइस जेट ने रखा प्रस्ताव
स्पाइस जेट ने अहमदाबाद से सीधे खाड़ी देशों में उड़ान भरने की अनुमति मांगी है। स्पाइस जेट जिस रास्ते का इस्तेमाल करना चाहता है वह खासतौर पर एयरफोर्स और नेवी के लिए रिजर्व है। इसके लिए सिविल और डिफेंस मिनिस्टर के सामने प्रेजेंटेशन भी रखा गया है।
स्पाइस जेट ने कहा, 'ऐसा करके हम न सिर्फ खर्च बचाएंगे बल्कि रूट नेविगेशन फ्लाइट चार्ज में भी कमी आएगी। इससे देश को ज्यादा फायदा होगा।' अगर इस रूट की अनुमति मिलती है तो एयरलाइन को करीब एक लाख रुपये का फायदा होगा।
रक्षा मंत्रालय की अनुमति का इंतजार
इस मांग को लेकर अभी तक रक्षा मंत्रालय की हरी झंडी नहीं मिली है, क्योंकि इस रूट के बीच में कई संवेदनशील जगहें भी आती हैं। विमानन मंत्रालय ने कहा, 'हमें लगातार काफी ज्यादा रिक्वेस्ट मिल रही हैं, इस पर विचार किया जा रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications