India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका के बीच जल्द हो सकता है ट्रेड डील, ट्रंप के टैरिफ में कितनी होगी कटौती?
India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबित टैरिफ विवाद जल्द ही खत्म होने वाला है। मिंट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों देश एक लंबे समय से चल रहे व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं। इस डील के तहत अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ में भारी कमी हो सकती है और यह घटकर केवल 15-16% रह सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस व्यापार डील में एग्रीकल्चर (कृषि) और एनर्जी (ऊर्जा) दोनों क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। दोनों देशों के बीच यह डील व्यापार संतुलन बनाए रखने और द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत इस डील के तहत अमेरिकी कृषि उत्पादों जैसे गैर-जीएम मक्का और सोयामील के आयात में वृद्धि की अनुमति दे सकता है। यह कदम अमेरिका के लिए भारतीय कृषि बाजार तक पहुंच को आसान बनाएगा। वहीं, बदले में अमेरिका भी भारतीय उत्पादों पर टैरिफ में उल्लेखनीय कमी कर सकता है। इससे कपड़ा, इंजीनियरिंग सामान और दवाइयों जैसे भारतीय निर्यात अमेरिकी बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी हो सकेंगे।
एग्रीकल्चर और ऊर्जा पर फोकस
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि व्यापार चर्चा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल के आयात को सीमित करना है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि भारत ने रूस से तेल खरीद में कमी करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। हालांकि भारत ने स्पष्ट किया था कि रूस से तेल के संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।
इस डील में एक नियमित टैरिफ और मार्केट रीच रिसर्च सिस्टम भी शामिल हो सकता है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन बनाए रखना होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि व्यापार डील अंतिम चरण में है और इस महीने के अंत में होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन से पहले इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके बाद औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।
PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन कॉल
इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। ट्रंप ने संवाददाताओं को बताया कि बातचीत का मुख्य विषय व्यापार और ऊर्जा सहयोग था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया कि भारत रूस से तेल की खरीद को सीमित करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इस बातचीत की पुष्टि करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को दिवाली की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
PM मोदी ने लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप, आपके फोन कॉल और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। रोशनी के इस त्योहार पर, हमारे दो महान लोकतंत्र दुनिया को आशा की किरण दिखाते रहें और हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें।"
हालांकि प्रधानमंत्री ने व्यापार चर्चा का विवरण साझा नहीं किया, लेकिन उनके संदेश से यह संकेत मिलता है कि दोनों पक्ष संभावित समझौते को अंतिम रूप देने से पहले द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर काम कर रहे हैं।
भारत-अमेरिका व्यापार डील की संभावित मंजूरी से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में नई जान आएगी। अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और भारत पर अमेरिकी टैरिफ कम होने से निर्यात को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, ऊर्जा और कृषि में सहयोग बढ़ने से दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी।












Click it and Unblock the Notifications