UP News: भारत–अमेरिका आर्थिक साझेदारी से उत्तर प्रदेश को मिलेगी नई उड़ान
लगभग 50% से लगभग 18% तक अमेरिकी टैरिफ में ऐतिहासिक कमी से उत्तर प्रदेश की निर्यात संभावनाएं बढ़ती हैं, जिससे एमएसएमई और ओडीओपी क्षेत्र को लाभ होता है। यह सुधार रक्षा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, आईटी और डेटा सेंटर विकास, और हरित ऊर्जा परियोजनाओं का समर्थन करता है, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में यूपी की भूमिका मजबूत होती है।
भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में संपन्न हुई आर्थिक साझेदारी और अमेरिकी टैरिफ में की गई ऐतिहासिक कटौती ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक संभावनाओं को नई दिशा दे दी है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और आर्थिक विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लागू टैरिफ को पहले के लगभग 50 प्रतिशत स्तर से घटाकर औसतन 18 प्रतिशत कर दिया है। इसे भारत–अमेरिका व्यापार संबंधों में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले को भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और दृढ़ नेतृत्व का परिणाम है, जिसमें भारत ने अपनी नीतियों पर अडिग रहते हुए वैश्विक शक्तियों के साथ समानता के आधार पर संवाद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फार्मा कॉन्क्लेव में कहा कि वर्ष 2014 से पहले जिस भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, आज वही भारत अपनी नीतियों पर दृढ़ रहते हुए वैश्विक शक्तियों को संवाद और सहयोग के लिए प्रेरित कर रहा है। अमेरिकी टैरिफ में की गई कटौती इसी बदले हुए वैश्विक दृष्टिकोण का प्रमाण मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, अब भारतीय निर्यातकों पर लगने वाला अतिरिक्त ‘पेनल्टी टैरिफ’ समाप्त हो चुका है और केवल रेसिप्रोकल टैक्स स्ट्रक्चर लागू है। इससे भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में पहले की तुलना में कहीं अधिक प्रतिस्पर्धी बन गए हैं।
टैरिफ में कटौती का सबसे बड़ा और प्रत्यक्ष लाभ उत्तर प्रदेश के एमएसएमई और ओडीओपी सेक्टर को मिलने की संभावना है। भदोही के हस्तनिर्मित कालीन, मुरादाबाद के पीतल और धातु उत्पाद, आगरा का चमड़ा उद्योग, वाराणसी की रेशमी साड़ियां और कन्नौज का पारंपरिक इत्र अब अमेरिकी बाजार में कम लागत और बेहतर मुनाफे के साथ पहुंच सकेंगे।
अब तक ऊंचे टैरिफ के कारण ये उत्पाद चीन, वियतनाम और बांग्लादेश जैसे देशों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते थे, लेकिन शुल्क में कमी के बाद उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उद्योग वैश्विक बाजार में मजबूती से खड़े हो सकेंगे। इससे निर्यात ऑर्डर बढ़ने, सीधे निर्यात को प्रोत्साहन मिलने और कारीगरों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।
डिफेंस कॉरिडोर में उन्नत तकनीक का प्रवेश
भारत–अमेरिका के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग का असर अब रणनीतिक क्षेत्रों तक भी दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि व्यापारिक भरोसे का विस्तार रक्षा और उन्नत तकनीक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी होता है। इसका सकारात्मक प्रभाव उत्तर प्रदेश के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर पड़ने की संभावना है।
झांसी, कानपुर, लखनऊ, अलीगढ़ और आगरा जैसे नोड्स में अब केवल असेंबली यूनिट्स ही नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, संयुक्त उपक्रम और उच्चस्तरीय अनुसंधान के माध्यम से उन्नत रक्षा उपकरणों के निर्माण की संभावनाएं बन रही हैं। ड्रोन सिस्टम, रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स, संचार और रडार सिस्टम जैसे क्षेत्रों में निवेश से आयात पर निर्भरता घटेगी और प्रदेश की भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी।
आईटी, जीसीसी और डेटा सेंटर सेक्टर को मिलेगी गति
टैरिफ में कटौती और भारत–अमेरिका के मजबूत होते व्यापारिक संबंधों का असर उच्च तकनीक और डिजिटल अर्थव्यवस्था पर भी दिख रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, अनुकूल वैश्विक माहौल और नीतिगत स्थिरता के चलते अंतरराष्ट्रीय टेक कंपनियों के लिए निवेश के नए अवसर खुल रहे हैं।
नोएडा और लखनऊ में विकसित हो रहा आईटी, एआई और डेटा सेंटर इकोसिस्टम अब वैश्विक कंपनियों के लिए अधिक आकर्षक बनता जा रहा है। आईटी हार्डवेयर, सर्वर और नेटवर्किंग उपकरणों की लागत में संभावित कमी से डेटा सेंटर परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता बेहतर होगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और लखनऊ के ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) हब के रूप में उभरने की संभावना है।
फार्मा और ग्रीन एनर्जी में रणनीतिक बढ़त
फार्मास्यूटिकल और मेडिकल डिवाइस सेक्टर को टैरिफ में कटौती से सबसे अधिक संरचनात्मक लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। अमेरिकी बाजार में शुल्क कम होने से भारतीय दवाओं और मेडिकल उपकरणों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।
ललितपुर में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क अब वैश्विक सप्लाई चेन के लिहाज से और आकर्षक बन सकता है। इससे एपीआई और इंटरमीडिएट्स के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता घटेगी।
ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में, विशेष रूप से बुंदेलखंड के सोलर पार्क और ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए भी यह फैसला सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। सोलर पैनल और स्वच्छ ऊर्जा उपकरणों से जुड़े व्यापार में बाधाएं कम होने से तकनीक हस्तांतरण और विदेशी निवेश को गति मिलने की उम्मीद है। इससे उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications