कोरोना वायरस के मरीजों में रिकॉर्ड बढोत्तरी, 24 घंटों के भीतर मिले 12881 नए केस
कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों में एक दिन के अंदर अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों में एक दिन के अंदर अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकडे़ जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 12881 नए केस सामने आए हैं। वहीं, इस दौरान कोरोना वायरस के कारण 334 लोगों की जान गई है। नए मरीजों के बाद कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 366946 और मृतकों की संख्या 11237 तक पहुंच गई है।
Recommended Video

अभी तक 62,49,668 लोगों के सैंपल टेस्ट
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभी तक कोरोना वायरस के 194325 मरीज ठीक हो चुके हैं और फिलहाल देश में एक्टिव केस 160384 हैं। वहीं, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने टेस्टिंग के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि अभी तक देशभर में कुल 62,49,668 लोगों के सैंपल टेस्ट हो चुके हैं, जिनमें से 1,65,412 सैंपल टेस्ट बीते 24 घंटों के भीतर किए गए हैं।

मनीष सिसोदिया ने संभाला स्वास्थ्य मंत्रालय का प्रभार
आपको बता दें कि कोरोना वायरस ने इस समय महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे ज्यादा कोहराम मचाया हुआ है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी मार्लेना भी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुकी हैं। सत्येंद्र जैन इस समय अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी गैरमौजूदगी में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अतिरिक्त प्रभार के तौर पर स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली हुई है। सत्येंद्र जैन की पहली रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लेकिन सांस लेने में तकलीफ के चलते दोबारा उनका टेस्ट कराया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

दिल्ली, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हालात खराब
वहीं, महाराष्ट्र में फिलहाल कोरोना के 1,13,445 मामले हैं और मौतों की संख्या 5,537 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में कोरोना से मौत की दर 4.9 पर है। तमिलनाडु ने बुधवार को कोरोना के 2,174 नए मामलों के साथ 50,000 का आंकड़ा पार कर लिया। तमिलनाडु में अब कुल मामलों की संख्या बढ़कर 50,193 हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल 44,688 मामले हैं, जबकि 1,837 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications