देश में 80 दिन के बाद कोरोना के सर्वाधिक एक्टिव केस, पिछले 24 घंटों में 949 नए मामले
नई दिल्ली, 15 अप्रैल। देश में कोरोना के मामलों में तकरीबन दो महीनों तक लगातार गिरावट देखने को मिल रही थी, जिसके चलते कोरोना पाबंदियों को कई राज्यों ने खत्म कर दिया। लेकिन पिछले कुछ दिनों से एक बार फिर से कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 948 नए मामले सामने आए हैं जबकि 810 लोग ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। 6 मरीजों की पिछले 24 घंटों में कोरोना से मौत हो गई है। देश में कोरोना के एक्टिव केस की बात करें तो यह संख्या 11191 है। दैनिक पॉजिटिविटी दर की बात करें तो यह 0.26 फीसदी है। अच्छी बात यह है कि देश में 1863062546 कोरोना वैक्सीन की डोज लोगों को दी जा चुकी है।
Recommended Video

इससे पहले गुरुवार को 1007 कोरोना के नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद सक्रिय मामले 10870 से बढ़कर 11058 हो गए थे। अहम बात यह है कि पिछले 80 दिनों के बाद एक्टिव केस की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। दिल्ली, गुजरात, हरियाणा में टेस्टिंग को एक बार फिर से बढ़ा दिया गया है। इन राज्यों में कई डॉक्टरों ने इस बात की पुष्टि की है कि कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की अस्पताल में संख्या बढ़ी है। हालांकि अधिकतर मरीजों में हल्के लक्षण हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं है।
तकरीबन 18 राज्यों में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। गुरुवार को मिजोरम में डेली टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 10.47 फीसदी थी, हरियाणा में 3.05 फीसदी, नागालैंड में 2.63 फीसदी, दिल्ली में 2.49 फीसदी थी। देश के 27 जिले ऐसे हैं जहां डेली पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ऊपर है, इसमे से 23 जिले अकेले केरल में हैं। भारत में 23 जनवरी को कोरोना के सर्वाधिक एक्टिव केस 22 लाख थे और यह ओमिक्रॉन के चलते चरम पर पहुंचा था, लेकिन उसके बाद से लगातार संक्रमण के मामले कम हो रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications