बरकरार है कोरोना का खतरा! 24 घंटों में मिले 6984 केस और 247 लोगों की मौत
कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर से इजाफा देखने को मिला है।
नई दिल्ली, 15 दिसंबर: कोरोना वायरस के मामलों में मंगलवार को दिखी एक बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को मरीजों की संख्या फिर से बढ़ गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 6,984 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 247 मरीजों की मौत हुई है। इससे पहले मंगलवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों की संख्या 5784 थी। हालांकि राहत की बात यह है कि कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और बीते एक दिन में 8,168 मरीज ठीक हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस से अभी तक कुल 3,41,46,931 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से एक्टिव मरीज भी घटे हैं और फिलहाल यह आंकड़ा घटकर 87,562 पर आ गया है। इसके अलावा कोरोना वायरस की वजह से अभी तक कुल 4,76,135 लोगों की जान गई है। वहीं, कोरोना महामारी के खिलाफ देशभर में टीकाकरण अभियान भी जारी है और अभी तक वैक्सीन की कुल 1,34,61,14,483 डोज दी चुकी हैं।
कुल मामलों में से 3377 केस अकेले केरल में
आपको बता दें कि अभी भी दक्षिण भारतीय राज्य केरल में कोरोना वायरस के मामले सबसे ज्यादा हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में मिले कुल 6,984 मामलों में से 3,377 केस अकेले केरल में मिले हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में केरल के अंदर कोरोना वायरस की वजह से 28 लोगों की जान गई है।
ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर हुए 49
दूसरी तरफ कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भी देश में लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को दिल्ली और राजस्थान में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 4-4 नए मामले मिले, जिसके बाद देश में इस वेरिएंट से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई। हालांकि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार हालात पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और अगर जरूरत पड़ी तो प्रतिबंध बढ़ाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications