पिछले 24 घंटों में मिले कोरोना वायरस के 3.48 लाख नए केस, 3.55 लाख मरीज ठीक
देश में लगातार दूसरे दिन संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या दैनिक मामलों से ज्यादा दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, 12 मई: देश में जारी कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के बीच लगातार दूसरे दिन संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या दैनिक मामलों से ज्यादा दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के 3,48,421 नए मामले मिले हैं, जबकि 3,55,338 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस की वजह से 4205 लोगों की जान गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 2,33,40,938 और रिकवर होने वाले लोगों की संख्या 1,93,82,642 हो गई है। कोरोना वायरस के कारण अभी तक देश में कुल 2,54,197 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि एक राहत की बात यह है कि रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से देश में एक्टिव केस घटने लगे हैं और फिलहाल अलग-अलग राज्यों में कुल 37,04,099 एक्टिव केस हैं।
इन राज्यों में लगातार घट रहे कोरोना के केस
इससे पहले मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि देश के 18 राज्यों में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, तेलंगाना, चंडीगढ़, लद्दाख, दमन और दीव, लक्षद्वीप और अंडमान-निकाबोर में कोरोना वायरस के मामले पिछले कुछ दिनों के दौरान घटे हैं।
देश में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 21 फीसदी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस समय देश में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट करीब 21 फीसदी है। इसके अलावा कोरोना वायरस के एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस 13 राज्यों में, 50 हजार से 1 लाख के बीच एक्टिव केस 6 राज्यों में और देश के 17 राज्यों में कोरोना के एक्टिव केस 50 हजार से कम हैं।












Click it and Unblock the Notifications