कोरोना के मामलों में 8 फीसदी की गिरावट: 24 घंटों में मिले 26041 नए केस और 29621 मरीज ठीक
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और एक्टिव मरीजों में गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, 27 सितंबर: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में एक बार फिर से गिरावट आई है और नए केस 30 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 26041 नए केस मिले हैं, जबकि 29621 मरीज ठीक हुए हैं। इन नए आंकड़ों के बाद कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,36,78,786 और रिकवर मरीजों की संख्या 3,29,31,972 हो गई है। कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से एक्टिव मामले भी कम हुए हैं और फिलहाल देश में 2,99,620 एक्टिव केस हैं।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने आंकड़ों में बताया कि कोरोना वायरस के नए मामलों में रविवार के मुकाबले 8 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, पिछले एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 276 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,47,194 हो गई है। वहीं, देश में कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक वैक्सीन की कुल 86,01,59,011 डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 38,18,362 टीके बीते 24 घंटों के अंदर लगाए गए हैं।
केरल और महाराष्ट्र सहित इन 5 राज्यों में सबसे ज्यादा कोरोना केस
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के दैनिक मामलों की संख्या अभी भी केरल में सबसे ज्यादा है और बीते 24 घंटों के अंदर 15,951 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा कोरोना की वजह से केरल में 165 लोगों की मौत हुई है। सोमवार को जिन पांच राज्यों में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा केस मिले, उनमें केरल के अलावा महाराष्ट्र (3206 केस), तमिलनाडु (1694 केस), आंध्र प्रदेश (1184 केस) और कर्नाटक (775 केस) शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के कुल मामलों में से 87 फीसदी से ज्यादा मामले इन्हीं पांच राज्यों में दर्ज हुए हैं। जबकि, 61.25 फीसदी मामले अकेले केरल में मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications