थम गई कोरोना की तीसरी लहर? 24 घंटों में 25920 केस और 66254 मरीज ठीक
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट के साथ ही महामारी की तीसरी लहर थमती हुई नजर आ रही है।
नई दिल्ली, 18 फरवरी: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और पॉजिटिविटी रेट में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद माना जा रहा है कि महामारी की तीसरी लहर की रफ्तार अब थमने लगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 25,920 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 66,254 मरीज ठीक हुए हैं। एक दिन पहले यानी गुरुवार के आंकड़ों से तुलना करें तो आज दैनिक मामलों की संख्या में 4,837 की कमी आई है। साथ ही कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से एक्टिव मामलों में भी गिरावट आई है और फिलहाल यह आंकड़ा 2,92,092 पर आ गया है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट लगातार कम हो रहा है और अब यह 2.07 फीसदी है। इसके अलावा कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 98.12 फीसदी हो गया है। हालांकि चिंता की एक बड़ी बात यह है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की वजह से 492 लोगों की मौत हुई है। पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मौतों की संख्या चिंता बढ़ाने वाली है। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अब तक वैक्सीन की कुल 1,74,64,99,461 डोज दी जा चुकी हैं।
इन पांच राज्यों में कोरोना के केस सबसे ज्यादा
कोरोना वायरस को लेकर जारी स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन पांच राज्यों में संक्रमण के दैनिक केस सबसे ज्यादा हैं, उनमें केरल (8,655 केस), महाराष्ट्र (2,797 केस), कर्नाटक (1,579 केस), राजस्थान (1,506 केस) और मध्य प्रदेश (1,328 केस) शामिल हैं। कोरोना के नए मामलों में 61.2 फीसदी केस इन्हीं पांच राज्यों में दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 33.39 फीसदी मामले अकेले केरल में मिले हैं। कोरोना वायरस के घटते मामलों को देखते हुए हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से प्रतिबंधों पर नए सिरे से विचार करने के लिए चिट्ठी भी लिखी है।












Click it and Unblock the Notifications