कोरोना के मामलों में गिरावट, 24 घंटों में मिले 2568 नए केस और 2911 मरीज ठीक
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच आज मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, 3 मई: कोरोना वायरस के मामलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान अचानक आई तेजी के बाद मंगलवार को मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 2568 नए केस सामने आए हैं, जबकि 2911 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा पिछले एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 20 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, मंगलवार को ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से एक्टिव केस कम हुए हैं और फिलहाल ये आंकड़ा 19137 है।
Recommended Video

आपको बता दें कि इससे एक दिन पहले सोमवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों की संख्या 3157 थी। वहीं, बीते एक हफ्ते के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले गुरुवार को एक दिन में कोरोना वायरस के 2927 मामले रिकॉर्ड किए गए, जिसके बाद लगातार पांच दिन तक दैनिक मामलों की संख्या 3 हजार से ऊपर ही रही। हालांकि राहत की एक बड़ी बात यह है कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 98.74 फीसदी पर आ गया है। इसके अलावा देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 189.41 करोड़ डोज दी चा चुकी हैं।
दैनिक पॉजिटिविटी रेट घटकर हुआ 0.61 फीसदी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस समय देश में कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट 0.61 फीसदी और साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 0.70 फीसदी है। सोमवार को दैनिक पॉजिटिविटी रेट 1.07 फीसदी था। वहीं, नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 4,30,84,913 हो गई है। इसके अलावा मृतकों का आंकड़ा भी बढ़कर 523,889 तक पहुंच गया है। देश में अभी तक कुल 4,25,41,887 मरीज कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications