एक ही दिन में 16% का इजाफा, कोरोना के 1.94 लाख नए मरीज मिले और 442 लोगों की मौत
देश में कोरोना वायरस की रफ्तार फिलहाल कम होती हुई नजर नहीं आ रही है और एक दिन के अंदर ही संक्रमण के नए मामलों में 16 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।
नई दिल्ली, 12 जनवरी: देश में कोरोना वायरस की रफ्तार फिलहाल कम होती हुई नजर नहीं आ रही है और एक दिन के अंदर ही संक्रमण के नए मामलों में करीब 16 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को नए आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 1,94,720 मरीज मिले हैं, जबकि 442 लोगों की मौत हुई है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कोरोना वायरस के नए मरीजों का आंकड़ा 1,68,063 था। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस के 60,405 मरीज ठीक हुए हैं और एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 9,55,319 हो गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है और इस समय देश में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 11.05 फीसदी तक पहुंच गया है। वहीं, ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों की संख्या भी 4,868 हो गई है। ओमिक्रॉर वेरिएंट के मामले जिन 10 राज्यों में सबसे ज्यादा हैं, उनमें महाराष्ट्र (1281 केस), राजस्थान (645 केस), दिल्ली (546 केस), कर्नाटक (479 केस), केरल (350 केस), पश्चिम बंगाल (294 केस), उत्तर प्रदेश (275 केस), गुजरात (236 केस), तमिलनाडु (185 केस) और हरियाणा (162 केस) शामिल हैं।
'6-8 हफ्तों के बीच आधा यूरोप हो जाएगा ओमिक्रॉन संक्रमित'
वहीं, बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी बयान जारी कर कहा कि ओमिक्रॉन वेरिएंट के फैलने की रफ्तार अभी तक स्थिर नहीं हुई है और इसे सामान्य फ्लू के तौर पर देखना घातक हो सकता है। इससे पहले मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा था कि अगले 6 से 8 हफ्तों के बीच ओमिक्रॉन वेरिएंट यूरोप की आधी से ज्यादा आबादी को संक्रमित कर देगा। आपको बता दें कि आधिकारिक तौर पर सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पहचान हुई थी, लेकिन कुछ विशेषज्ञों का दावा है कि यह वेरिएंट पहले से ही यूरोप में मौजूद था।












Click it and Unblock the Notifications